पता नहीं था देश में मेडिकल कॉलेजों की इतनी कमी है, यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की स्थिति पर आनंद महिंद्रा
यूक्रेन में फंसे भारतीय मेडिकल छात्रों की दुर्दशा ने आनंद महिंद्रा को व्यथित कर दिया है
नई दिल्ली, 3 मार्च। उद्योगपति आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। अरबपति आनंद महिंद्रा को एक जमीन से जुड़ा हुआ व्यापारी माना जाता है। बिजनेस के अलावा चैरिटी में भी आनंद महिद्रा सबसे आगे रहते हैं। लेकिन इस समय यूक्रेन में फंसे भारतीय मेडिकल छात्रों की दुर्दशा ने उन्हें व्यथित कर दिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर ने उन्हें हिलाकर रख दिया- जिसमें बताया गया है कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या, सीटों में कमी और अंधाधुंध फीस की वजह के हजारों की संख्या में छात्र विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं।

यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की दुर्दशा देख भावुक हुए आनंद महिंद्रा
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की दुर्दशा से आनंद महिंद्रा काफी दुखी हैं। आनंद महिंद्रा ने टाइम्स ऑफ इंडिया के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा कि उन्हें पता ही नहीं था कि भारत में मेडिकल कॉलेजों की इतनी कमी है। उन्होंने टेक महिंद्रा के एमडी और सीईओ सी. पी. गुरनानी को टैग करते हुए लिखा- क्या हम महिंद्र यूनिवर्सिटी में मेडिकल की पढ़ाई करवाने वाले संस्थान स्थापित करने के बारे में विचार कर सकते हैं।
मेडिकल की पढ़ाई के लिए कहां-कहां हैं भारतीय छात्र
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक 23000 छात्र चीन, 18000 यूक्रेन, 16,500 रूस, 15,000 फिलिपिंस, 10,000 किर्गिस्तान, 7,500 जॉर्जिया और 5,200 छात्र बॉग्लादेश में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं।
कम से कम फीस में होगी मेडिकल की पढ़ाई
आनंद महिंद्रा के इस ट्वीट की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग उन्हें जरूरी सलाह भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा भारत से बड़ी संख्या में मेडिकल की पढ़ाई के लिए छात्र सिर्फ इसलिए नहीं जाते कि यहां सीटों की कमी है, बल्कि मेडिकल की पढ़ाई का महंगा होना भी इसकी प्रमुख वजह है। पी. वामशिधर रेड्डी नाम के एक यूजर ने आनंद महिंद्रा से अनुरोध किया कि मेडिकल की पढ़ाई की फीस आपके संस्थान में करोड़ों में न जाए, इसका ध्यान रखिएगा। आनंद महिंद्रा ने इसके जवाब में लिखा- Noted. यानी ध्यान रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications