क्या राजनीति और भाजपा छोड़ रहे हैं नितिन गडकरी? जानिए केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा
BJP Nitin Gadkari on quitting politics: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति से संन्यास लेने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका कोई ऐसा इरादा नहीं है।

BJP Nitin Gadkari on quitting politics: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति से उनके संन्यास की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ-साफ कहा है कि वह राजनीति नहीं छोड़ रहे हैं। पिछले दिनों कई मीडिया रिपोर्ट में ऐसा दावा किया गया था कि नितिन गडकरी राजनीति और भाजपा दोनों छोड़ने वाले हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति से उनके संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए गुरुवार (30 मार्च) को कहा कि इस मामले में जिम्मेदार रिपोर्टिंग करनी चाहिए। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रत्नागिरी में मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-66) की प्रगति पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे, जब उनसे एक पत्रकार ने 'राजनीति से संन्यास' की अटकलों के बारे में पूछा।
इस सवाल के जवाब में नितिन गडकरी ने कहा, ''राजनीति से संन्यास लेने का मेरा कोई इरादा नहीं है और मीडिया को इस मामले पर अपनी रिपोर्टिंग में जिम्मेदार पत्रकारिता को बनाए रखना चाहिए।"

नितिन गडकरी के किस बयान के बाद राजनीति छोड़ने की उठी थी अटकलें
असल में हाल ही में कुछ दिनों पहले नितिन गडकरी ने कहा था कि उन्होंने अपने करियर में बहुत काम किया है और यह ठीक होगा अगर लोग उन्हें वोट न दें क्योंकि वह मिट्टी संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से संबंधित कार्यों पर अब ज्यादा से ज्यादा समय देना चाहते हैं।
नागपुर के एक कार्यक्रम में बोलते हुए नितिन गडकरी ने कहा था कि जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और बंजर भूमि के उपयोग जैसे क्षेत्रों में प्रयोगों की बहुत गुंजाइश है और वह उसे करमा पसंद करते हैं।
नितिन गडकरी ने कहा था, "मैं वैसे कामों को करना पसंद करता हूं और कभी-कभी उन्हें जबरदस्ती करता हूं। मैंने लोगों को पहले ही बता दिया था कि अब बहुत हो गया।'' गडकरी ने कहा, ''अगर आप (वोटर्स) सहमत हैं तो मुझे वोट दें और अगर आप सहमत नहीं है तो वोट ना दें।'

'मैं लोगों को मक्खन लगाने के मूड में नहीं हूं...'
'नितिन गडकरी ने इस पर कहा, ''मैं (उन्हें) मक्खन लगाने के मूड में नहीं हूं। अगर आप मुझे पसंद करते हैं, तो ठीक है, या मेरी जगह आप किसी और को वोट देना चाहते हैं, वो भी ठीक है। असल में मैं जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और बंजर भूमि के उपयोग जैसे कामों पर ज्यादा से ज्यादा वक्त देना चाहता हूं।''
नितिन गडकरी के इसी बयान के बाद ये रिपोर्टिंग होने लगी थी कि वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। नितिन गडकरी को पिछले साल भाजपा के टॉप फैसले लेने वाले निकाय से हटा दिया गया था और उनकी जगह उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कुछ अन्य लोगों के साथ केंद्रीय चुनाव समिति में लाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications