धर्मा प्रोडक्शन से जुड़े क्षितिज को ड्रग केस में मिली जमानत, पासपोर्ट करना होगा जमा
मुंबई। ड्रग मामले में गिरफ्तार धर्मा प्रोडक्शन के पूर्व एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर क्षितिज रवि प्रसाद को मुंबई की स्पेशल NDPS अदालत ने जमानत दी है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच के दौरान ड्रग कनेक्शन सामने आने पर एनसीबी ने धर्मा प्रोडक्शन से जुड़े क्षितिज रवि प्रसाद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद प्रसाद को जेल भेज दिया गया था। नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने क्षितिज के ऊपर ड्रग का सेवन करने और लेन-देन का आरोप लगाया था।

अब स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट ने क्षितिज रवि प्रसाद की याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत दी है। इसके लिए उन्हें 50 हजार रुपये का निजी बांड जमा करना होगा। इस दौरान क्षितिज विदेश नहीं जा पाएंगे। कोर्ट ने जमानत के आदेश में क्षितिज को अपना पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया है।
ड्रग कनेक्शन में हुई थी गिरफ्तारी
क्षितिज को 25 सितम्बर को एनसीबी ने गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। क्षितिज के बारे में एनसीबी को एक ड्रग पेडलर से पूछताछ के दौरान पता चला था। इसके बाद एनसीबी ने क्षितिज को पूछताछ के लिए बुलाया था। सूत्रों के मुताबिक एनसीबी को क्षितिज के घर से गांजा मिला था। क्षितिज ने पूछताछ के दौरान ड्रग पेडलर से गांजा लेने की बात स्वीकार की थी।
वकील ने लगाया था सनसनीखेज आरोप
वहीं क्षितिज के मामले में उनके वकील ने ये कहकर सनसनी फैला दी थी कि एनसीबी उन पर मशहूर निर्माता-निर्देशक और धर्मा प्रोडक्शन के प्रमुख करण जौहर का नाम लेने का दबाव बना रही है। वकील ने आरोप लगाया कि एनसीबी ने कहा था कि करण जौहर का नाम ले लो तो तुम्हें छोड़ दिया जाएगा। वकील ने क्षितिज के साथ पूछताछ के दौरान थर्ड डिग्री अपनाने और दुर्व्यवहार की बात भी कही थी।











Click it and Unblock the Notifications