धारणी जांच मामला: तेलंगाना समिति भूमि घोटालों के आरोपों की जांच के लिए क्षेत्र का करेगी दौरा
पिछली बीआरएस सरकार में धारणी पोर्टल में हुए घोटाले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति की पहली बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य और भूमि प्रशासन मुख्य आयुक्त नवीन मित्तल ने की।

बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस बैठक में तय किया गया कि भूमि घोटलों की विस्तृत जांच के लिए क्षेत्र का दौरा किया जाएगा और उन काफी समय से लंबित मुद्दों को सुलझाने का काम किया जाएगा।
11 जनवरी को राज्य सचिवालय में आयोजित इस बैठक में भूमि मुद्दों को लेकर हुई अनियमितताओं के आरोपों की जांच करने का निर्णय लिया गया। समिति के सदस्य सुनील कुमार ने कहा, "हम अपने निष्कर्षों पर पहुंचने के बाद सरकार को अंतरिम रिपोर्ट सौंप सकते हैं।" वहीं, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वाई कोदंडा रेड्डी ने कहा कि धरणी पोर्टल घोटाले से किसानों को बहुत नुकसान हुआ है।
उन्होंने समिति के सामने बात रखते हुए कहा कि, इसकी जांच होनी चाहिए कि यह पोर्टल कैसे काम करता है और इसे किस प्रकार से किसानों के लिए और आसान बनाया जा सकता है।
इन सभी मुद्दों को लेकर समिति सरकार को अपनी रिपोर्ट चार चरणों में सौपेंगी और सभी कार्य पूरे होने पर अंतिम रिपोर्ट पेश की जाएगी। समिति की अगली बैठक 17 जनवरी को हो सकती है।
बता दें कि पिछली बीआरएस सरकार द्वारा 29 अक्टूबर 2020 को धारणी पोर्टल लॉन्च किया गया था। जिसके बाद से ही पोर्टल पर घोटाले का आरोप लगने लगा। किसानों ने जमीनों के रिकॉर्ड गायब होने के आरोप लगाने शुरू किए। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इसकी जांच के लिए समिति का गठन किया था।












Click it and Unblock the Notifications