उत्तर भारत में कोहरे का कहर, दिल्ली में पारा पहुंचा 9 डिग्री, इन राज्यों में ओले पड़ने की आशंका, बढ़ेगी ठंड
नई दिल्ली। राजधानी समेत देश के कई राज्यों में सर्दी का तांडव जारी है। दिल्ली, यूपी, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है, जिसका असर हवाई उड़ानों और ट्रनों पर पड़ा है। अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी लेट चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गयाा और सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 97 प्रतिशत रही है।
Recommended Video
5 दिन तक कोहरे का कोहराम
मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का यही हाल रहने वाला है। दिल्ली, मिजोरम, त्रिपुरा, असम , मेघालय, बिहार और पश्चिम बंगाल में आने वाले 5 दिनों में कोहरे का कोहराम देखने को मिलेगा तो वहीं दूसरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका व्यक्त की गई है। तो वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान यूपी के सबसे अधिक तापमान झांसी में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अमेठी जिले के फुरसतगंज में सबसे कम 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बर्फ की चादर से घिरे पहाड़
तो वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड इस वक्त बर्फ की चादर से घिरे हुए हैं। आज भी कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर बारिश की आशंका है, जिसके बाद ठंड में इजाफा होगा। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़ में इन दिनों जमकर सर्दी पड़ रही है। राजस्थान के कई जिलों में पारा 5 डिग्री और उससे कम पर पहुंच चुका है तो वहीं शीतलहरों ने भी लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
ओले पड़ने की आशंका
तो वहीं दक्षिण भारत में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। अंडमान व निकोबार, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है तो वहीं आज बिहार-झारखंड, यूपी के अधिकतर शहरों का तापमान नीचे आने की संभावना है। इस दौरान कोल्ड डे व कोल्ड वेव की स्थिति भी बन सकती है, कोहरा भी अपना कहर बरपाएगा। तो वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली में 11 और 12 दिसंबर को बिजली कड़कने के साथ ओले पड़ने की आशंका है।
अब पारा काफी तेजी से गिरेगा
तो वहीं स्काईमेट ने कहा है कि आज अंडमान व निकोबार, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में बारिश होने की आशंका है तो वहीं दिल्ली में मौसम काफी ठंडा रहेगा, शीतलहर और कोहरा छाया रहेगा और हवा का स्तर भी खराब रहेगा।
राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट
भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री नीचे जा सकता है, जिससे गलन बढ़ेगी और लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ेगा। राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। स्काईमेट ने कहा कि आने वाले दिनों में अब पारा काफी तेजी से गिरने वाला है।