प्लान करके वायरल किया गया था CJP प्रोटेस्ट का वीडियो? तीन कंपनियां और 100 यूट्यूबर पुलिस की रडार पर
CJP Protest Probe: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले हुए प्रदर्शन से जुड़ी जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। इस मामले में दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पर वीडियो के तेजी से वायरल होने के तरीके, डिजिटल प्रचार और संभावित फंडिंग नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच के दायरे में अब तीन बड़ी प्राइवेट डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट कंपनियां भी आ गई हैं।
इसके अलावा 100 से ज्यादा यूट्यूबर और सोशल मीडिया क्रिएटर्स की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवादित वीडियो का प्रसार सामान्य तरीके से हुआ था या इसके पीछे किसी तरह की तय डिजिटल रणनीति या टूलकिट का इस्तेमाल किया गया था। इसी कड़ी में तकनीकी और वित्तीय दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है।

दिल्ली पुलिस तीन निजी डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट कंपनियों के दस्तावेज, सर्वर लॉग और अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि क्या विवादित वीडियो को योजनाबद्ध तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल कराया गया था। पुलिस ने 100 से अधिक यूट्यूबर और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी जांच के दायरे में रखा है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों और कुछ कंटेंट क्रिएटर्स को पूछताछ के लिए नोटिस भेजे जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें:
'टूलकिट' और एल्गोरिदम के इस्तेमाल का शक
शुरुआती तकनीकी जांच में पुलिस को संदेह है कि एक लड़की का विवादित वीडियो सामान्य तरीके से वायरल नहीं हुआ। जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या वीडियो को तय समय पर पोस्ट कर सोशल मीडिया एल्गोरिदम का इस्तेमाल करते हुए बड़े स्तर पर प्रचारित किया गया था। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। जांच एजेंसियां मुंबई की एक प्रमुख इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग एजेंसी और उससे जुड़े क्रिएटर नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क से जुड़े कुछ इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स को जंतर-मंतर प्रदर्शन में भीड़ जुटाने और सोशल मीडिया पर माहौल बनाने के लिए सक्रिय किया गया हो सकता है। फिलहाल इस पहलू की भी जांच जारी है।
फंडिंग नेटवर्क की भी हो रही जांच
दिल्ली पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सोशल मीडिया पर प्रदर्शन को बड़े स्तर पर प्रचारित करने और कथित तौर पर डिजिटल कंपनियों की सेवाएं लेने के लिए पैसा कहां से आया। जांच एजेंसियां वित्तीय लेनदेन और फंडिंग से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा प्रदर्शन से जुड़ा मामला
इसी बीच आईआईटी पटना की छात्रा तोशिवा यादव ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। उन्होंने प्रदर्शन और आंदोलनों के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए पूरे देश में एक समान स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू करने की मांग की है। याचिका में प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए नाम का बैज पहनना अनिवार्य करने की भी मांग की गई है। छात्रा का दावा है कि 20 जुलाई को नई दिल्ली में हुए 'संसद चलो' प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में वह घायल हुई थीं।
ये भी पढ़ें:


Click it and Unblock the Notifications
