आम आदमी पार्टी उम्मीदवार को आज किया जा सकता है गिरफ्तार- बीएस बस्सी
नई दिल्ली। दिल्ली में मतदान से ठीक एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के उत्तम नगर उम्मीदवार नरेश बाल्यान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नरेंश बाल्यान के गोदाम से 8000 लीटर शराब बरामद होने के मामले में आज दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने कहा कि बाल्यान को दो बार समन भेजा जा चुका है। लेकिन वो अभी तक दिल्ली पुलिस को जांच में सहयोग देने के लिए नहीं आये हैं। उन्होंने कहा कि आज दोपहर तक अगर बाल्यान पुलिस के पास नहीं आये तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
वहीं बस्सी ने कहा कि दिल्ली पुलिस पर किसी भी तरह का किसी का दबाव नहीं है। दिल्ली पुलिस के पास बाल्यान के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं लिहाजा उन्हें दिल्ली पुलिस को जांच में सहयोग करना चाहिए।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी नरेश बाल्यान के यहां 30 जनवरी को देर रात पुलिस ने छापा मारा था। जहां बाल्यान के गोदाम से 5000 शराब की बोतलें बरामद की गयी थी। ये छापेमारी देर रात करीब 11.30 बजे की गई थी।
दिल्ली पुलिस और दिल्ली चुनाव आयोग की संयुक्त कार्रवाई में यह छापेमारी हुई, जहां गोदाम से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई थी। आपको बता दें कि नरेश बाल्यान पहली बार उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे है। पिछले चुनाव में उन्होंने नवादा से पार्षद का चुनाव लड़ा था और विजय हुए थे। इतनी ही नहीं नरेश बाल्यान आम आदमी पार्टी में सबसे अमीर प्रत्याशी हैं।












Click it and Unblock the Notifications