दिल्ली में बड़े ड्रग्स गिरोह का भंडाफोड़, 5 लोग गिरफ्तार, 90 करोड़ की हेरोइन बरामद
नई दिल्ली: देश में इन दिनों ड्रग्स की तस्करी बढ़ती जा रही है। जिसको देखते हुए पुलिस भी सतर्क हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स गिरोह का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में 5 ड्रग सप्लायर्स पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। साथ ही करोड़ों की हेरोइन भी बरामद हुई है। इस कार्रवाई को दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक उनकी स्पेशल सेल की टीम लंबे वक्त से ड्रग्स की सप्लाई करने वालों पर नजर बनाए हुए थी। इस बीच राजधानी दिल्ली में ही स्पेशल सेल ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में पांच लोग गिरफ्तार किए गए हैं। साथ ही 23 किलो हाई क्वालिटी की हेरोइन बरामद हुई है। जिसकी कीमत 90 करोड़ रुपये के आसपास है। स्पेशल सेल के मुताबिक तस्करों ने मणिपुर के रास्ते म्यांमार से इस ड्रग्स को भारत लाया था। गिरफ्तार हुए आरोपियों से पूछताछ करके गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है।
48 करोड़ का माल हुआ था जब्त
आपको बता दें कि बीते रविवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान उनके पास से 48 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद हुए थे। गिरफ्तार लोगों में एक अफ्रीका का शख्स और एक म्यांमार की महिला शामिल थी। एनसीबी के उप निदेशक केपीएस मल्होत्रा के मुताबिक सीमित संख्या में अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों के मद्देनजर गिरोह अंतरराष्ट्रीय कूरियर मार्ग का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान उन्होंने कार्रवाई करते हुए दिल्ली में एक कूरियर सेवा से करीब 970 ग्राम हेरोइन का पार्सल जब्त किया, जिसे दक्षिण अफ्रीका से लाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications