दिल्ली में दिखने लगा ऑड-ईवन का असर, कम हुआ प्रदूषण, पहले दिन 265 पर लगा जुर्माना
नई दिल्ली। देश की राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने सोमवार से एक बार फिर से ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू करने का फैसला लिया है। ऑड-ईवन फॉर्मूला सोमवार से लागू कर दिया गया है। इस फॉर्मूले के लागू होने से दिल्ली की हवा में कुछ सुधार देखने को मिला है। आज सुबह दिल्ली की हवा में अपेक्षाकृत कम प्रदूषण है। बता दें कि ऑड-ईवन फॉर्मूला सुबह 8 बजे से लेकर रात 8 बजे तक के लिए लागू है, इसका उल्लंघन करने वालों को 4000 रुपए का जुर्माना भरना पड़ेगा।

ऑड-ईवन का असर
सोमवार को दिल्ली की हवा की बात करें तो रविवार की तुलना में यह काफी बेहतर थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि ऑड-ईवन फॉर्मूले का पहला दिन का काफी सफल रहा है, इस दौरान 15 लाख कारें सड़क पर नहीं थीं। सोमवार शाम को वायु प्रदूषण से राहत के बीच मंगलवार को अधिकतर जगहों पर वायु प्रदूषण गंभीर की श्रेणी में था, कुछ ही जगहों पर एयर क्वालिटि इंडेक्स 500 प्लस दर्ज किया गया है। ऑड-ईवन लागू होने के बाद इस नियम का उल्लंघन करने की वजह से 259 लोगों पर जुर्माना लगाया गया।

विजय गोयल पर लगा जुर्माना
जिन लोगों पर जुर्माना लगाया गया उसमे भाजपा नेता विजय गोयल भी शामिल हैं, जिन्होंने प्रदर्शन स्वरूप खुद ऑड नंबर की कार को चलाया था। वह अपने घर अशोक विहार से जनपथ तक कार को लेकर बाहर निकले थे। बता दें कि भाजपा ने इस ऑड ईवन स्कीम को आम आदमी पार्टी का चुनावी स्टंट करार दिया है। भाजपा का आरोप है कि आप सरकार इस स्कीम के जरिए दिल्ली के लोगों का शोषण कर रही है। सोमवार को सिविल डिफेंस के 2000 वालंटियर, दिल्ली पुलिस की 465 टीम, राजस्व और पर्यटन विभाग की टीमों को ऑड-ईवन नियम तोड़ने वालों पर निगरानी रखने के लिए तैनात किया गया था।

650 अतिरिक्त बसें
सोमवार को 650 अतिरिक्त प्राइवेट बसों को सड़क पर उतारा गया था, जिससे कि लोगों को ऑड-ईवन की वजह से किसी तरह की मुश्किल का सामना नहीं करना पड़े। दिल्ली सरकार के अधिकारी ने बताया कि डीटीसी की बसों में तकरीबन 8 लाख यात्रियों ने सफर किया, जबकि क्लस्टर बसों में सुबह की शिफ्ट में चार लाख लोगों ने सफर किया था। अन्य दिनों की तुलना में दिल्ली में सोमवार को कम ट्रैफिक था, कई लोगों का कहना था कि वो अपने ऑफिस तय समय से पहले पहुंच गए।

सीएम की अपील
खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से वायु प्रदूषण को कम करने के लिए ऑड-ईवन फॉर्मूले का पालन करने की अपील की है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सोमवार को साईकिल से अपने कार्यालय पहुंचे थे। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह अपने पास के लोगों के साथ कार पूल करके अपने कार्यालय जाएंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से कार पूल अपनाने के लिए कहा है, जिससे ना सिर्फ प्रदूषण कम होगा बल्कि लोगों की आपस में दोस्ती भी बढ़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications