Delhi Mayor Election: मेयर चुनाव आज, आप की शेली ओबेरॉय और भाजपा की शिखा राय में सीधा मुकाबला
Delhi Mayor Election: दिल्ली में आज मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होगा। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है।

Delhi Mayor Election: म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली यानि एमसीडी को आज अपना नया मेयर और डिप्टी मेयर मिलेगा। दोनों पदों के लिए भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच तनातनी देखने को मिल सकती है।
मेयर पद के लिए आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी शैली ओबेरॉय और भाजपा की शिखा राय के बीच सीधा मुकाबला है। फिलहाल शैली ओबेरॉय दिल्ली की मेयर हैं। शैली ने 22 फरवरी को हुए चुनाव में भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया था।
शैली ओबेरॉय को पिछले चुनाव में 150 वोट मिले थे, जबकि रेखा गुप्ताको 116 वोट। मेयर पद के लिए कुल 266 वोट पड़े थे। बता दें कि पिछले चुनाव में काफी हंगामा देखने को मिला था। इस बार भी इस तरह के हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं।
गौर करने वाली बात है कि आम आदमी पार्टी के पार्षद ने चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम लिया है। ऐसे में दोनों दलों की ओर से दावा किया जा रहा है कि वह इस चुनाव में जीत दर्ज करेंगे। जबकि इस पूरी लड़ाई में कांग्रेस की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
डिप्टी मेयर पद की बात करें तो भाजपा ने सोनी पांडे को इस पद पर उतारा है। जबकि आम आदमी पार्टी ने मोहम्मद इकबाल को सामने किया है। भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी शिखा रॉय ग्रेटर कैलाश-1 से पार्षद हैं, जबकि सोनी पांडे उत्तरपूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार वार्ड से पार्षद हैं।
बता दें कि दिल्ली में मेयर पद पर हर साल चुनाव होता है। पहले साल यह पद महिलाओं के लिए, तीसरे वर्ष में आरक्षित श्रेणी के लिए होता है। बाकी के तीन वर्षों के लिए यह पद अनारक्षित श्रेणी के लिए होता है।
दिल्ली नगर निगम में कुल 250 सीटें हैं, जिसमे से 104 सीट पर भारतीय जनता पार्टी और 134 सीटों पर आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। पिछले मेयर चुनाव की बात करें तो इस चुनाव से ठीक पहले आप के दो पार्षद भाजपा में शामिल हो गए थे, जिसकी वजह से भाजपा के पार्षदों की संख्या 106 हो गई।
एक और आप पार्षद ने इस चुनाव से पहले आप को छोड़ भाजपा का हाथ थाम लिया है। जिसके बाद भाजपा के पार्षदों की संख्या 107 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications