दिल्ली: शराब की दुकानें खुलने के कुछ ही घंटे बाद भारी भीड़ के कारण फिर से बंद
नई दिल्ली- दिल्ली में आज लॉकडाउन में रियायत के बाद शराब की दुकानें खुलीं, लेकिन वहां इतनी भीड़ उमड़ पड़ी की कुछ ही घंटे बाद उन्हें फिर से बंद कर दिया गया। शराब खरीदने के लिए लोग इतने उतावले हो गए थे कि तड़के से ही दुकानों के बाहर कतार लगाकर खड़े हो गए थे, जबकि दुकान खुलने का समय सुबह 10 बजे तय किया गया था।

दिल्ली समेत आज पूरे भारत में शराब की दुकानों पर ऐसा नजारा दिखा, जो शायद ही हिंदुस्तान में कभी दिखा हो। शराब खरीदने के लिए लोग इतने बेसब्र हो चुके थे कि न तो वह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए तैयार थे और न ही कई लोग मुंह पर मास्क लगाना जरूरी समझ रहे थे। दिल्ली में तो भीड़ को देखकर लगता ही नहीं था कि राजधानी में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 4,549 तक पहुंच चुकी है और एक ही दिन में 427 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।

शराब खरीदने वालों का जमावड़ा राजधानी के किसी एक इलाके में ही नहीं था, कोई भी जगह ऐसी नहीं बची थी, जहां लोग लॉकडाउन के नियमों की धज्जियां उड़ाते लोग नजर नहीं आ रहे हों। बता दें कि आज से केंद्र सरकार ने लॉकडाउन का तीसरा फेज शुरू तो किया है, लेकिन कंटेंमेंट जोन के बाहर मौजूद स्टैंडअलोन शराब की दुकानें खोलने की अनुमति दी हैं। शराब की दुकानों को इसलिए इजाजत दी गई है, क्योंकि राज्य सरकारों के लिए यह राजस्व का बहुत बड़ा जरिया है। इसके लिए जिन इलाकों में दुकाने खुलनी थीं, वहां ग्राहकों के लिए 6 फीट की दूरी पर बाकायदा गोले भी बनाए गए थे। लेकिन, लोगों ने दुकान खुलने से पहले ही आपस में धक्का-मुक्की शुरू कर दी। यही नहीं जिसे मौका मिल रहा था, वह बहुत ज्यादा मात्रा में शराब खरीद रहा था। स्थिति ऐसी हो गई कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने भी माहौल पर आपत्ति जताई। क्योंकि, शराब खरीदने वाले लोग पुलिस के हटाने के बाद फिर से भीड़ जुटा दे रहे थे।













Click it and Unblock the Notifications