दिल्ली सरकार ने 10-49 बेड वाले नर्सिंग होम को कोविड19 सेंटर में बदलने का आदेश वापस लिया
नई दिल्ली। दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने 10 बेड से 49 बेड तक की क्षमता के सभी नर्सिंग होम को COVID-19 नर्सिंग होम घोषित करने के अपने आदेश को वापस ले लिया है। रविवार को ही दिल्ली सरकार ने कहा था कि राजधानी में 10-49 बेड वाले अस्पताल और नर्सिंग होम को उसने कोविड19 हेल्थ सेंटर में तब्दील किए जाने का फैसला लिया है। कुछ घंटे के बाद ही केजरीवाल सरकार ने अपना फैसला वापस ले लिया है।

दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 10-49 बेड की क्षमता वाले सभी छोटे और मीडियम मल्टीस्पेशलिटी नर्सिंग होम को Covid-19 सेंटर घोषित किया था। सरकार ने केवल आंख, कान एवं गले का इलाज करने वाले केंद्रों, डायलिसिस केंद्रों, प्रसव गृहों और आईवीएफ केंद्रों को इससे छूट दी थी। केजरीवाल ने इस पर ट्वीट कर कहा था कि दिल्ली सरकार के इस निर्णय से 5000 से अधिक बेड करोना के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। हमारे अधिकारी हर नर्सिंग होम के मालिक से बात करके उनकी समस्याओं को भी दूर करेंगे। हालांकि अब ये आदेश वापस हो गया है।
दिल्ली में बीते एक पखवाड़े से हर रोज हजार से ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में आंकड़ा दो हजार के पार भी चला गया। दिल्ली के अस्पतालों में बेडों की कमी हो रही है जिसके चलते ये फैसला लिया गया था। दिल्ली में रविवार को राजधानी में संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड उछाल देखने को मिला है। यहां बीते 24 घंटों के अंदर कोरोना के 2,224 नए मामले सामने आए हैं जो कि एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा केस हैं। वहीं रविवार को 56 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या 41,182 हो गई है। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या कुल 1327 हो गई।












Click it and Unblock the Notifications