डॉक्टर-नर्सों को परेशान करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ होगा कड़ा एक्शन, दिल्ली सरकार ने दिए निर्देश
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने जिला प्रशासन और पुलिस को उन मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है जो डॉक्टरों/पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य मेडिकल स्टाफ को घर खाली करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, ये बर्ताव कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग को प्रभावित करता है और आवश्यक सेवाओं में बाधा उत्पन्न करने जैसा है।

दिल्ली महामारी रोग कोविड-19 नियमन को लागू करते हुए कहा गया है कि जिलाधिकारी, नगर निगम के क्षेत्रीय उपायुक्त और पुलिस उपायुक्त को निर्देश दिया जाता है कि संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत ऐसे मकान मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इसके पहले, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मकान मालिकों से अपील की थी कि वे डॉक्टरों और अन्य चिकित्साकर्मियों को परेशान ना करें। वहीं, एम्स के डॉक्टरों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस मामले में शिकायत की थी।
उन्होंने लिखा था कि मकान मालिक परेशान कर रहे हैं, जबरन घर छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। इतना ही नहीं नर्सों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के साथ भी ऐसा ही व्यवहार हो रहा है।आस-पास के लोग उन्हें संदेह की नजर से देखते हैं और कई स्थानों पर मकान मालिकों ने जबरन घर भी खाली करा लिया है। उन्हें डर है कि हमारे स्टाफ से उनके परिवार और घर में संक्रमण हो जाएगा। एसोसिएशन का कहना है कि कई डॉक्टरों को भी घर-बेदखली झेलनी पड़ी है।
Recommended Video
आरडीए की शिकायत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हरकत में आए और उन्होंने दिल्ली पुलिस के कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव से बात की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा था। उन्होंने ऐसे मकान मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।












Click it and Unblock the Notifications