कोरोना पर दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, अब हर महीने होगा सीरो सर्वे
नई दिल्ली: कोरोना वायरस का कहर पूरे देश में जारी है, अब जहां रोजाना 40 हजार के करीब मामले सामने आने लगे हैं। राजधानी दिल्ली भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित थी, जिसके बाद वहां पर केंद्र सरकार ने भी मोर्चा संभाला। अब जाकर दिल्ली में स्थिति सुधरती नजर आ रही है। भविष्य में कोरोना के मामले और न बढ़ें, इस वजह से दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। जिसके तहत अब हर महीने सीरोलॉजिकल सर्वे करवाया जाएगा।
Recommended Video

कोरोना से ठीक होने के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने फिर से मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि कोरोना केसों पर निगरानी करने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। जिस वजह से उन्होंने अब हर महीने सीरोलॉजिकल सर्वे करने की योजना बनाई है। ये सर्वे 1 से 5 तारीख के बीच होगा। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। ये सर्वे पहले भी दिल्ली में हो चुका है, ऐसे में स्वास्थ्य कर्मियों के पास इसकी ट्रेनिंग है।
सीरोलॉजिकल सर्वे क्या है?
इस सर्वे में लोगों के ब्लड सैंपल लिए जाएंगे और इस बात का पता लगाया जाएगा कि कितने लोग ऐसे हैं, जिनके शरीर में कोरोना की एंटीबॉडी बनी है। यह संक्रमण और ऑटोइम्यून बीमारियों के निदान के लिए भी किया जाता है। इसके अलावा इससे ये भी पता चलता है कि क्या किसी व्यक्ति में कुछ बीमारियों से लड़ने के लिए इम्युनिटी है। इस सर्वे से इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि कहीं इलाके में कोई कोरोना वायरस से संक्रमित तो नहीं है।
दिल्ली में कितने मामले?
पूरे देश में अब तक 11,95,652 मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें 1,25,096 मामले तो सिर्फ राजधानी दिल्ली से सामने आए हैं। इसमें से 3,690 मरीजों की मौत हुई है, जबकि 1,06,118 लोग ठीक हो चुके हैं। इस वजह से अब एक्टिव केस की संख्या 15,288 ही है। दिल्ली में बेड कम न पड़े, इसके लिए कई सारी व्यवस्थाएं की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications