Delhi Elections 2025: दिल्ली चुनाव से अंत की ओर! उमर अब्दुल्ला की दो टूक के बाद INDIA bloc का क्या होगा?
Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में इंडिया ब्लॉक को लेकर मचा घमासान इसे खत्म करने की सलाह तक पहुंच गई है। दरअसल, दिल्ली में कांग्रेस पार्टी इंडिया ब्लॉक में पूरी तरह से अलग-थलग हो चुकी है। ऐसे में जम्मू और कश्मीर में उसकी सहयोगी नेशनल कांफ्रेंस सामने आई है और उसके नेता और केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कह दिया है कि जब विधानसभा चुनाव में गठबंधन नहीं है तो फिर इसका कोई मतलब नहीं है और इसे खत्म कर दिया जाना चाहिए।
दिल्ली विधानसभा चुनावों में इंडिया ब्लॉक में शामिल कई पार्टियां सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का एलान कर चुकी हैं। जब गठबंधन के कुछ दलों के नेताओं से यह सवाल पूछा गया कि कांग्रेस को दिल्ली में अकेले क्यों छोड़ दिया तो कहा गया कि गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनावों के लिए था। इसी पर उमर अब्दुल्ला ने भड़क कर इसे समाप्त कर देने की ही वकालत कर दी है।

Delhi Elections 2025: तेजस्वी यादव ने कहा इंडिया अलायंस सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था
दरअसल, बुधवार को बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से जब दिल्ली में कांग्रेस और आप के अलग-अलग चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था, 'यह शुरू से ही तय है कि इंडिया अलायंस सिर्फ लोकसभा चुनावों के लिए था।'
इसे भी पढ़ें- Delhi Chunav 2025: दिल्ली चुनाव में AAP को डर क्यों लग रहा है? 5 प्वाइंट में पढ़िए
उन्होंने यह भी कहा,'लोकसभा चुनाव में असली मकसद बीजेपी को हराना था और इंडिया ब्लॉक गठबंधन उसी मकसद तक सीमित था। ऐसी स्थिति में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच लड़ाई अस्वाभाविक नहीं है।'
Delhi Elections 2025: वो ठीक बोल रहे हैं...इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय स्तर पर था- कांग्रेस
इसी सवाल पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी वही तर्क दिया कि इंडिया ब्लॉक तो सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए बनाई गई थी। उन्होंने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "ये लोकसभा चुनाव के लिए था गठबंधन। वो ठीक बोल रहे हैं...इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय स्तर पर था। अलग-अलग राज्य की परिस्थिति के हिसाब से जो दल हैं, कांग्रेस हो या क्षेत्रीय दल हों वे निर्णय लेते हैं, हमें इकट्ठे लड़ना है या अलग लड़ना है।"
Delhi Elections 2025: अगर ये सिर्फ पार्लियामेंट इलेक्शन के लिए था तो इसको वाइंडअप करिए- उमर अब्दुल्ला
इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों की इन्हीं दलीलों पर उमर अब्दुल्ला भड़क गए हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "बदकिस्मती की बात ये है कि इंडिया ब्लॉक की कोई मीटिंग बुलाई नहीं जा रही है। तो इसमें कोई क्लियरिटी नहीं है...न लीडरशिप को लेके, न एजेंडा को लेके, न आगे हम रहेंगे या नहीं रहेंगे इसको लेके। शायद दिल्ली के चुनाव हो जाएं, उसके बाद अच्छा ये होगा कि इंडिया ब्लॉक के जो तमाम हिस्सेदार हैं, उन्हें बुलाया जाए और इसपे एक क्लियरिटी हो..अगर ये सिर्फ पार्लियामेंट इलेक्शन के लिए था तो इसको वाइंडअप करिए। फिर हम अपना काम अलग से करेंगे। अगर ये पार्लियामेंट के बाद असंबेली के लिए भी है तो फिर हमें मिलकर काम करना होगा।"
Delhi Elections 2025: दिल्ली चुनाव में इंडिया ब्लॉक में कांग्रेस पड़ गई अलग-थलग
दरअसल,लोकसभा चुनावों में दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इंडिया ब्लॉक में रहते हुए ही गठबंधन में चुनाव लड़ा था। लेकिन, विधानसभा चुनावों में दोनों अलग-अलग मैदान में हैं और इंडिया ब्लॉक में शामिल समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) ने खुलकर आम आदमी पार्टी को समर्थन दे दिया है। डीएमके को लेकर भी इसी तरह के दावे किए गए हैं और राजद ने भी फिलहाल दिल्ली में कांग्रेस से दोस्ती तोड़ने का संकेत दिया है।
Delhi Elections 2025: विपक्ष गठबंधन के औचित्य पर लग गया ग्रहण
इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व को लेकर पहले से ही पंगा चल रहा है और टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने इसको लेकर दावेदारी भी ठोक रखी है और कांग्रेस को छोड़कर तमाम सहयोगी दल उनका समर्थन भी कर चुके हैं। इस तरह के बिखराव के बीच नेशनल कांफ्रेंस के नेता ने जो कुछ कह दिया है, उससे बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए के खिलाफ बने विपक्षी गठबंधन के औचित्य पर ही ग्रहण लग गया है।












Click it and Unblock the Notifications