Delhi Chunav 2025: क्या INDIA bloc में घिरी कांग्रेस ने AAP के सामने कर दिया सरेंडर? तीन संकेत
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव तारीखों के एलान से पहले लग रहा था कांग्रेस पार्टी इस बार यहां पूरी ताकत से लड़ेगी। इंडिया ब्लॉक में उसकी सहयोगी आम आदमी पार्टी (AAP) 10 साल से सत्ता में है,इस वजह उसपर निशाना साधे बिना काम नहीं चलना है, यही सोचकर पार्टी नेताओं ने उसपर जोरदार हमले बोलने भी शुरू किए थे। लेकिन, अचानक सबकुछ शांत होता दिख रहा है।
दूसरी तरफ इंडिया ब्लॉक में कांग्रेस की अन्य सहयोगी पार्टियां एक-एक करके दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के समर्थन में खड़ी हो रही हैं। अबतक दो पार्टियों ने इसका खुलेआम एलान कर दिया है। एक पार्टी की ओर से ऐसा ही करने की खबरें आ रही हैं और चौथी पार्टी भी इसी तरह का संकेत दे रही है।

Delhi Chunav 2025: इंडिया ब्लॉक की पार्टियां ने एक-एक कर छोड़ा कांग्रेस का साथ
बुधवार को आम आदमी पार्टी को ममता बनर्जी की टीएमसी (TMC) की ओर से अच्छी खबर मिली कि वह दिल्ली चुनावों में आप का समर्थन करेगी। इससे पहले इंडिया ब्लॉक में दूसरे सबसे ज्यादा लोकसभा सांसदों वाली पार्टी सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने केजरीवाल के साथ मंच साझा करके बता दिया था कि उनके लिए दिल्ली में इंडिया ब्लॉक का मतलब आम आदमी पार्टी होगी।
बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए के विरोध में बने विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की एक और पार्टी शिवसेना (यूबीटी) की ओर से मीडिया रिपोर्ट आई कि उद्धव ठाकरे की पार्टी भी चाहती है कि वह दिल्ली चुनावों में आम आदमी पार्टी के पक्ष में प्रचार करे। जबकि, पिछले साल नवंबर में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव उसने कांग्रेस की अगुवाई में लड़ा है।
कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका देने का संकेत तो पिछले चार दशकों से उसकी सबसे कट्टर सहयोगी रहे राष्ट्रीय जनता दल ने दिया है। पार्टी नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजसवी यादव ने दिल्ली चुनाव लड़ने को लेकर कहा है,'...हमने अभी तय नहीं किया है कि वहां चुनाव लड़ेंगे कि नहीं....हम बाद में देखेंगे कि किसको सपोर्ट करना है.....।' पार्टी 2020 के चुनावों कांग्रेस के साथ गठबंधन में यहां चार सीटों पर लड़ी थी।
Delhi Chunav 2025: अजय माकन ने केजरीवाल के खिलाफ सबूत जुटाते-जुटाते साध ली चुप्पी
जब दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए इस बार कांग्रेस पार्टी सक्रिय हुई तो उसके नेताओं ने आम आदमी पार्टी और उसके सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल को जमकर निशाना बनाना शुरू किया था। दिल्ली चुनाव को देख रहे पार्टी के अदना से लेकर आला नेता तक केजरीवाल के खिलाफ जबरदस्त घेराबंदी शुरू कर दी थी।
इसी कड़ी में कुछ दिन पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने केजरीवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्हें 'फर्जीवाल' तक कह दिया। यही नहीं, माकन ने केजरीवाल पर 'राष्ट्रद्रोही' होने तक का आरोप लगा दिया।
इस बात पर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना और पार्टी सांसद संजय सिंह कांग्रेस से इतने नाराज हुए कि माकन पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी को इंडिया ब्लॉक से निकलवाने की चेतावनी तक दे डाली।
लेकिन, माकन तब तक शांत नहीं थे। उन्होंने एक और प्रेस कांफ्रेंस में एक दिन बाद केजरीवाल पर लगाए गए 'राष्ट्रद्रोही'होने के आरोपों पर सबूत पेश करने का ताल तक ठोक दिया। लेकिन, उसके बाद से माकन की इस मुद्दे पर बोलती बंद है!
Delhi Chunav 2025: संदीप दीक्षित 'एकला चलो' की राह पर कांग्रेस की लड़ाई लड़ते दिख रहे!
कांग्रेस ने 49 उम्मीदवारों की अपनी जो लिस्ट जारी की है, उसमें ज्यादातर सीटों पर तगड़े उम्मीदवार उतारे हैं। इसी से लग रहा था कि कांग्रेस पार्टी इस चुनाव को लेकर बहुत अधिक गंभीर है। लेकिन, अब लग रहा है कि संदीप दीक्षित अकेले आम आदमी पार्टी और उसके नेता के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। वह खुद नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल को चुनौती दे रहे हैं।
वैसे संदीप दीक्षित उस दौर में भी आप और उसके नेताओं के आलोचक रहे हैं, जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में तगड़ी दोस्ती थी। खासकर केजरीवाल के साथ उनकी निजी सियासी रंजिश है, क्योंकि उन्होंने उनकी मां शीला दीक्षित को जिन आरोपों के साथ सत्ता से बेदखल किया था, वे तमाम आरोप बाद में किसी अंजाम तक नहीं पहुंच सके।












Click it and Unblock the Notifications