दिल्ली चुनाव परिणाम: अन्ना ने दिया केजरीवाल को बधाई, कहा यह मोदी की हार है
रालेगण सिद्धि। गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे को नरेंद्र मोदी की हार करार दिया और भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में उनके मुख्य सहयोगी रहे आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को चुनावी जीत पर बधाई दी। अन्ना ने आप को दिल्ली में मिली जीत पर मीडियाकर्मियों से कहा, "यह अपेक्षित था।

परिणाम नरेंद्र मोदी की हार है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले नौ महीने में क्या किया है?" समाजसेवी ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ भ्रष्टाचार से निपटने के वादे किए, जबकि जनता विरोधी और किसान विरोधी निर्णय लिए। उन्होंने कहा, "भाजपा ने लोगों से वादा किया था कि उनके लिए भ्रष्टाचार शीर्ष प्राथमिकता होगी, लेकिन केंद्र में इसकी सरकार बनने के नौ महीने बाद आज कोई इस मुद्दे पर बात नहीं करता।
इसकी लोगों में विश्वसनीयता घटी है और इसीलिए उसे हार का मुंह देखना पड़ा।" उन्होंने केजरीवाल की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं दिल्ली में जीत पर केजरीवाल को बधाई देता हूं और उनसे अपील करता हूं कि वह पहले कार्यकाल में की गई गलतियों को न दोहराएं और न ही आंदोलन को भूलें।" अन्ना ने केजरीवाल को नसीहत दी कि जिस तरह जनता ने उनमें भरोसा जताया है, वह उसी भरोसे पर कायम रहते हुए अपने कार्यकाल के दौरान जनता से जुड़े मुद्दे पर काम करें। (आईएएनएस)












Click it and Unblock the Notifications