दिल्ली चुनाव नतीजे: ममता बनर्जी ने दी केजरीवाल को बधाई, कहा-साल 2021 में भी होगा यही हाल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को मिली जीत पर बधाई दी है। इसके अलावा उन्होंने सीएम अरविंद केजरीवाल को भी जीत पर शुभकामनाएं दी हैं। आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी (आप) के अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री की पारी खेलने को तैयार हैं। मंगलवार को आए नतीजों के बाद पार्टी तीसरी बार विजय हासिल करने में सफल हुई है। उन्होंने यह चेतावनी भी पार्टी को दी है कि साल 2021 में जब पश्चिम बंगाल में चुनाव होंगे तो उस समय भी ऐसे ही नतीजे आएंगे।

'सिर्फ विकास काम करेगा'
ममता बनर्जी ने दिल्ली चुनावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'मैं अरविंद केजरीवाल को बधाई देती हूं। लोगों ने बीजेपी को नकार दिया है। सिर्फ विकास ही काम करेगा, सीएए, एनआरसी और एनपीआर खारिज हो जाएगा।' दिल्ली में हुए विधानसभा चुनावों को भी मोदी और केजरीवाल के बीच मुकाबले के तौर पर देखा गया था। स्थानीय मुद्दों और राष्ट्रीय हित के मुद्दों के नाम पर इस चुनाव को लड़ा गया था। दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटे हैं लेकिन यह पहली बार था कि जब प्रधानमंत्री समेत बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेताओं को प्रचार करते हुए देखा गया था। इन चुनावों में शाहीन बाग सबसे बड़ा मुद्दा बन गया था जहां पर 50 दिनों से ज्यादा समय से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है।












Click it and Unblock the Notifications