दिल्ली चुनाव: मनोज तिवारी और गौतम गंभीर के गढ़ में भाजपा को मिली कितनी सीटें? ये रहा स्कोर कार्ड
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि भारतीय जनता पार्टी केवल 8 सीटों पर सिमट गई। वहीं, कांग्रेस का निराशाजनक प्रदर्शन इस चुनाव में भी जारी रहा और पार्टी अपना खाता तक नहीं खोल पाई। बीजेपी ने 2017 में दिल्ली की कमान मनोज तिवारी को सौंपी थी और उनके नेतृत्व में भाजपा तीनों ही कॉर्पोरेशन अपने पास रखने में सफल रही थी। उसके बाद से माना जा रहा था कि दिल्ली चुनाव में तिवारी पूर्वांचल के वोटरों को भाजपा की ओर मोड़ सकते हैं। हालांकि, ऐसा होता नहीं दिखाई दिया। फिर भी, दिल्ली में भाजपा को जिन 8 सीटों पर जीत मिली, उनमें 3 मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र और 3 सांसद गौतम गंभीर के क्षेत्र की हैं।
Recommended Video

गंभीर के संसदीय क्षेत्र में बीजेपी को 3 सीटें
25 सीटों पर बढ़त के साथ दिन की शुरुआत करने के बावजूद, आखिर में भाजपा 2015 की टैली को 3 से आठ तक ही ले जा सकी। इनमें से छह सीटें उत्तर पूर्वी और पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों में आती हैं। गांधी नगर, लक्ष्मी नगर और विश्वास नगर पूर्वी दिल्ली लोकसभा के अंतर्गत आती हैं जिसका प्रतिनिधित्व बीजेपी सांसद गौतम गंभीर करते हैं। इन तीनों सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करने में कामयाब रही।

मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र में बीजेपी को तीन सीटें
जबकि रोहतास नगर, घोंडा और करावल नगर उत्तर पूर्वी दिल्ली का हिस्सा हैं, जिसका प्रतिनिधित्व दिल्ली भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी लोकसभा में करते हैं। इन तीनों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा दो अन्य सीटें, जहां भाजपा ने दिल्ली चुनाव में जीत दर्ज की, दक्षिणी दिल्ली अंतर्गत बदरपुर सीट और उत्तर पश्चिमी दिल्ली अंतर्गत रोहिणी सीट है। दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधुड़ी बीजेपी सांसद हैं, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर बीजेपी के हंसराज हंस सांसद हैं।

विश्वास नगर और रोहिणी से जीते बीजेपी के दोनों दिग्गज नेता
विश्वास नगर सीट की बात करें तो ओम प्रकाश शर्मा ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। उन्होंने आम आदमी पार्टी के दीपक सिंघला को मात दी। वहीं, रोहिणी से बीजेपी के नेता विजेंदर गुप्ता ने भी जीत दर्ज की। उन्होंने इस सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजेश नामा बंसीवाला को हराया। जबकि पिछली बार मुस्तफाबाद सीट पर जीत दर्ज करने वाली बीजेपी को यहां हार का सामना करना पड़ा। गांधी नगर सीट से भाजपा के अनिल कुमार बाजपेयी ने जीत दर्ज की।

लक्ष्मी नगर में मिली करीबी जीत
लक्ष्मी नगर विधानसभा सीट से आप के नितिन त्यागी को बीजेपी के अभय वर्मा ने मात्र 880 वोट से हराया। इसके अलावा करावल नगर से बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट ने आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को हराया। इस सीट से पहले कपिल मिश्रा विधायक थे जो अबकी बीजेपी के टिकट पर मॉडल टाउन से चुनाव लड़े थे, लेकिन उनको हार मिली। घोंडा विधानसभा सीट से बीजेपी के अजय महावर ने जीत दर्ज की। रोहतास नगर से भाजपा के जिंतेद्र महाजन ने जीत हासिल की। बदरपुर सीट पर बीजेपी के रामवीर सिंह बिधूरी ने आप उम्मीदवार राम सिंह नेताजी को 3719 वोटों से हराया।












Click it and Unblock the Notifications