Delhi election results: केजरीवाल की नई कैबिनेट में कौन-कौन बन सकते हैं मंत्री, ये नाम सबसे आगे
Recommended Video
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद साफ हो गया है कि दिल्ली का सिंहासन एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) के अरविंद केजरीवाल का है। केजरीवाल जहां तीसरी बार दिल्ली के सीएम बनेंगे तो वहीं अब इस बात को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर उनकी कैबिनेट कैसी होगी। पार्टी के सभी बड़े नेताओं और दूसरे कार्यकाल में मंत्री रहे सभी बड़े नामों को जीत मिली है। आतिशी मार्लेना, राघव चड्ढा और दिलीप पांडे समेत आम आदमी पार्टी के सभी बड़े उम्मीदवार चुनाव जीत गए हैं। माना जा रहा है कि केजरीवाल की कैबिनेट में इस बार भी ज्यादा बदलाव नहीं होंगे और पहले मंत्री रहे लोगों को एक बार और मौका दिया जा सकता है।

आतिशी को मिल सकता है शिक्षा विभाग
आतिशी, राघव और दिलीप, तीनों को ही लोकसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। सूत्रों की ओर से कहा गया है कि आतिशी और राघव दोनों को ही केजरीवाल की नई कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। आतिशी ने कालकाजी से चुनाव जीता है तो राघव चड्ढा ने राजिंदर नगर से विजय हासिल की है। दोनों ही राज्य सरकार में अपने-अपने तरीके से शामिल थे। दोनों ही केजरीवाल के सलाहकार के तौर पर शामिल थे। केंद्र की तरफ से उनकी नियुक्ति को गैर-कानूनी बताते हुए उनके पद से हटा दिया गया था।

चर्चा के बाद लिया जाएगा फैसला
आतिशी ने दिल्ली के सेंटी स्टीफंस कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई की है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में जो भी सुधार आए हैं, उसका श्रेय आतिशी को ही दिया जाता है। अब जबकि वह चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंच गई हैं, सूत्रों ने कहा है कि डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया चाहेंगे कि वह शिक्षा विभाग का जिम्मा संभालें। सूत्रों की ओर से कहा गया है कि पार्टी अपने आलाकमान के साथ चर्चा के बाद ही इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी।

पुराने कैबिनेट में होगा थोड़ा फेरबदल
वहीं जब पार्टी के एक पदाधिकारी से पूछा गया कि क्या तीनों नेताओं को आप सरकार में मंत्री पद दिया जाएगा तो पार्टी के एक नेता ने कहा कि इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। केजरीवाल के अलावा आम आदमी पार्टी के सभी निवर्तमान मंत्रियों, मनीष सिसोदिया, गोपाल राय, इमरान हुसैन, कैलाश गहलोत, राजेन्द्र पाल गौतम और सत्येन्द्र कुमार जैन ने भी अपनी-अपनी सीटों से जीत हासिल की है। दिलीप पांडे ने तिमारपुर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के दिलीप पांडे ने बीजेपी उम्मीदवार सुरिंदर पाल सिंह को हराया। सूत्रों की ओर से कहा गया है कि केजरीवाल अपने पहले की कैबिनेट से दो सदस्यों को हटा सकते हैं।

राघव को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट राघव चड्ढा ने राजेंद्र नगर सीट पर 20,058 मतों के अंतर से जीत हासिल की। राघव पार्टी में नेशनल एग्जिक्यूटिव के सदस्य हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता होने के अलावा उन्होंने पार्टी के प्रयासों को आम जनता तक पहुंचाया। वह पार्टी के कानूनी मसलों से जुड़े मुद्दों को भी संभालते हैं। साल 2015 में जब पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की तो उस समय चड्ढा को वित्त मंत्रालय का सलाहकार नियुक्त किया गया जिसका जिम्मा सिसोदिया के पास था। लेकिन अप्रैल 2018 में केंद्र सरकार की तरफ से पार्टी के नौ सलाहकारों की नियुक्ति को गैर-कानूनी करार दिया गया। चड्ढा को बाकी नौ लोगों के साथ उनके पद से हटा दिया गया। चड्ढा को इंटरनेशनल टैक्स में महारत हासिल है।












Click it and Unblock the Notifications