विधानसभा चुनाव : भाजपा कार्यकर्ता खुश, कांग्रेस खेमे में निराशा

कांग्रेस कार्यालय के बाहर पूरी तरह से सन्नाटा दिखाई दे रहा है। कार्यकर्ताओं के बीच भारी निराशा दिखाई दे रही है। कांग्रेस के नेता पार्टी को मिली भारी पराजय पर मुंह खोलने के लिए तैयार नहीं हैं। कांग्रेस के प्रवक्ता जीशान हैदर ने हालांकि विधानसभा चुनावों में मिली हार पर सीधेतौर पर कुछ बोलने से इनकार कर दिया।
इधर, उत्तर प्रदेश में भाजपा समर्थकों के बीच खुशी की लहर है। भाजपा के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में अलग-अलग शहरों में ढोल नगाड़े बजाकर मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। उप्र में भाजपा के विधानसभा स्थित पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। यहां लोग ढोल नगाड़े लेकर एकत्र हो रहे हैं। मिठाइयां बांटने की तैयारियां चल रही हैं।
भाजपा कार्यालय पर भाजपा महिला मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मिलकर जमकर जश्न मनाया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा, "शानदार तरीके से जश्न मनाने का इंतजाम किया गया है। शाम को पार्टी कार्यालय पर जोरदार आतिशबाजी की जाएगी। जनता ने कांग्रेस की नीतियों को पूरी तरह से नकार दिया है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा की शानदार जीत से यह साबित हो गया है कि पूरे देश में नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी सहित सारे वरिष्ठ नेताओं का कार्यालय पहुंचना शुरू हो गया है। ढोल नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं के बीच जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा की राज्यसभा सांसद कुसुम राय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी जीत की ओर बढ़ रही है और यह साबित हो गया है कि नरेंद्र मोदी का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिली जीत का असर लोकसभा चुनाव पर भी साफतौर पर दिखाई देगा।
उप्र में आगरा, वाराणसी, मेरठ, कानपुर , बरेली, मुरादाबाद, आगरा और झांसी सहित कई शहरों में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतकर पार्टी की जीत की खुशी मना रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि तीन राज्यों में मिली यह जीत लोकसभा चुनाव तक बरकरार रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications