'कांग्रेस के साथ गठबंधन' पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावों से पहले विपक्षी दल बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन तैयार करने की कोशिशों में जुटे हैं। हाल के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की तीन राज्यों में हार के बाद विपक्षी दल उत्साहित हैं और आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कई दलों के नेता एक मंच पर दिखाई देंगे। वहीं दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी गठबंधन पर बड़ा बयान दिया है।

बीजेपी को हराने के लिए हर कदम उठाने को तैयार केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने 'आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन' के सवाल पर कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह की जोड़ी इस देश के वर्तमान और भविष्य के लिए खतरनाक है। केजरीवाल ने कहा कि अगर बीजेपी 2019 में दोबारा सत्ता में आती है तो ये लोग संविधान को भी नहीं छोड़ेंगे। ये लोग संविधान को बदल देंगे। केजरीवाल ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि हर देश भक्त नागरिक की ये जिम्मेदारी है कि इन दोनों की जोड़ी को हराया जाए। उन्होंने कहा कि वे इस जोड़ी को हराने के लिए जो भी कदम उठाना होगा, उठाएंगे।

केजरीवाल ने दिए कांग्रेस से गठबंधन के संकेत
अरविंद केजरीवाल का बयान ये संकेत देता है कि आम आदमी पार्टी को कांग्रेस के साथ गठबंधन करने में खास परहेज नहीं है। पिछले दिनों किसान आंदोलन के दौरान भी अरविंद केजरीवाल मंच पर राहुल गांधी के साथ दिखाई दिए थे। जबकि हाल ही में विपक्षी दलों की बैठक में भी वे शामिल हुए थे।

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच घट रहीं दूरियां
हालांकि अरविंद केजरीवाल सीधे तौर पर ना तो कांग्रेस का नाम ले रहे हैं और ना गठबंधन के स्वरूप को लेकर कुछ बोल रहे हैं। फिर भी बीजेपी को हराने के लिए विपक्षी दलों के एक मंच पर लाने की कवायदों के बीच केजरीवाल का बयान ये संकेत जरूर दे रहा है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच दूरियां कम हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications