दिल्ली: रेप पीड़िता बच्ची की मां बोली- राहुल गांधी ने हमारी फोटो ट्वीट की लेकिन मुझे कोई आपत्ति नहीं
दिल्ली: रेप पीड़िता बच्ची की मां ने राहुल गांधी का किया समर्थन, कहा- हमारी फोटो ट्वीट की लेकिन मुझे आपत्ति नहीं
नई दिल्ली, 14 अगस्त: दिल्ली के नागल कैंट में 1 अगस्त को 9 साल की बच्ची के साथ रेप, हत्या और जबरन अंतिम संस्कार का मामला सामने आया था। इस केस में दिल्ली में सियासत जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस केस को लेकर विवादों में रहे थे। राहुल गांधी ने रेप पीड़िता बच्ची की माता-पिता की तस्वीर ट्वीट की थी। राहुल गांधी के इस ट्वीट पर कार्रवाई करते हुए ट्विटर ने भी इसे डिलीट कर दिया था। अब रेप पीड़िता की बच्ची की मां ने कहा है कि उन्हें किसी भी ट्वीट या फोटो पर कोई आपत्ति नहीं है। बच्ची के परिवार ने खुद को इस विवाद से दूर कर लिया है।
Recommended Video

असल में राहुल गांधी 9 साल की रेप पीड़िता के माता-पिता से 04 अगस्त को मिलने गए थे। इसी मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने पीड़िता के माता-पिता की तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की थी। राहुल गांधी ने रेप पीड़िता के माता-पिता की तस्वीर शेयर कर हिंदी में ट्वीट किया था।
राहुल गांधी ने लिखा था, "माता-पिता के आंसू एक ही बात कह रहे हैं - उनकी बेटी, इस देश की बेटी, न्याय की हकदार है और न्याय के इस मार्ग पर मैं उनके साथ हूं।'' तस्वीर में पीड़िता के माता-पिता के चेहरे साफ दिखाई दे रहे थे। ट्वीट को 6 अगस्त को ट्विटर ने हटा लिया था।
विवादों के बाद दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका भी दायर की गई और एफआईआर दर्ज करने की मांग भी कई गई थी। राहुल गांधी पर आरोप लग रहे थे कि फोटो साझा कर उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार की पहचान को सार्वजनिक करने का अपराध है। लेकिन अब उसी मांग के बीच रेप पीड़िता बच्ची की मां ने कहा है कि राहुल गांधी ने जो तस्वीर खींची और पोस्ट की, उससे मुझे कोई आपत्ति नहीं है।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) द्वारा ट्विटर को नोटिस जारी करने के बाद राहुल गांधी का अकाउंट अस्थायी रूप से ट्विटर द्वारा "लॉक" कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications