क्या दिल्ली में होगा AAP के साथ गठबंधन? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। दिल्ली में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी को चुनौती देने के लिए बीजेपी के अलावा कांग्रेस भी अपनी रणनीति बनाने में जुटी है। दिल्ली कांग्रेस कमेटी ने विधानसभा चुनाव के लिए एक वाररूम तैयार किया है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने वाररूम के उद्धाटन के मौके पर आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना पर बड़ा बयान दिया।

अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस- सुभाष चोपड़ा
सुभाष चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस किसी भी दल से समझौता नहीं करेगी और अपने दम पर विधानसभा की 70 सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के सामने गठबंधन करने का खुला प्रस्ताव दिया था, लेकिन कांग्रेस ने कई दिनों तक चली खींचतान के बाद इससे इनकार कर दिया। इस इनकार के बाद अरविंद केजरीवाल ने निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस जानबूझकर बीजेपी को फायदा पहुंचाना चाहती है।

सभी बिजली उपभोक्ताओं को 600 यूनिट तक राहत पैकेज- दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष
वहीं, विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी सियासी गलियारों में ऐसी चर्चाएं होने लगी हैं कि क्या कांग्रेस दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करेगी। हालांकि, दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष इस संभावना को खारिज कर रहे हैं। सुभाष चोपड़ा ने पार्टी के वादे को दोहराते हुए कहा कि दिल्ली के सभी बिजली उपभोक्ताओं को 600 यूनिट तक राहत पैकेज दिया जाएगा, साथ ही शीला दीक्षित पेंशन योजना के तहत पेंशन राशि को 5000 कर दिया जाएगा। चोपड़ा ने कहा कि ऐसा होने के बाद दिल्ली में ओल्ड एज होम की जरूरत नहीं पड़ेगी।

दिल्ली में चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं
नए साल के आगाज के साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती भी शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक अगले महीने फरवरी में दिल्ली में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी (आप) दोबारा जीत हासिल करने के दावे कर रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस भी अपनी-अपनी जीत के दावे करते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन सत्ता पर कौन काबिज होगा इसका फैसला विधानसभा चुनाव के बाद ही होगा।












Click it and Unblock the Notifications