दिल्ली में केजरीवाल को घेरने के लिए BJP का नया प्लान, इस पार्टी के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है। दिल्ली की सत्तर सीटों पर 8 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले, प्रमुख राजनीतिक रणनीति बनाने में जुटे हैं। पिछले चुनाव में करारी हार झेलने वाली भारतीय जनता पार्टी भी वापसी की कोशिशों में लगी है। इस बीच खबर है कि सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को घेरने के लिए बीजेपी अब हरियाणा में अपने सहयोगी को दिल्ली में साथ लेकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
Recommended Video

जेजेपी 18 सीटों पर लड़ना चाहती है चुनाव- सूत्र
दुष्यंत चौटाला की पार्टी जेजेपी दिल्ली में बीजेपी से गठबंधन करने की इच्छुक है, ये दोनों दल हरियाणा में सरकार में हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जेजेपी दिल्ली में 18 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। पार्टी ने इसके लिए एक कमेटी बनाई है जो जमीनी हकीकत का जायजा लेगी। वहीं, पार्टी गठबंधन को लेकर बीजेपी के संपर्क में भी है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गठबंधन के मामले पर अगले दो-तीन दिनों में तस्वीर साफ हो जाएगी।

बीजेपी के साथ गठबंधन पर फैसला जल्द
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर भी दोनों दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने को इच्छुक हैं। 11 जनवरी को जेजेपी ने दिल्ली में चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। पार्टी ने अपनी दिल्ली इकाई के नेतृत्व के साथ बैठक के बाद विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। जेजेपी की नजर दिल्ली की उन सीटों पर है जहां जाट वोटर्स अच्छी तादाद में हैं। सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए पार्टी योग्य चेहरों की तलाश में जुटी है।

अकाली के साथ चार सीटों पर बन सकती है सहमति
इस बीच मीडिया में ये भी खबरें हैं कि बीजेपी अकाली दल के साथ चार सीटों पर गठबंधन कर चुनाव लड़ सकती है। अकाली दल के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने भी कहा कि जल्द ही पार्टी हाईकमान, भाजपा के साथ मिलकर दिल्ली विधानसभा चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप देगी और इसके बाद उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जाएगी। बता दें कि दिल्ली में पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को महज तीन सीटों पर जीत हासिल हुई थी। तब अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी और 70 में से 67 सीटों पर कब्जा जमाया था।












Click it and Unblock the Notifications