Delhi Elections: मनोज तिवारी बोले, मैंने पंडित जी को बताई केजरीवाल की करनी तो उन्होंने हनुमान जी को कई बार धोया
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हनुमान चालीसा पढ़ने के बाद अब हनुमान मंदिर जाने पर राजनीति गर्माती जा रही है। दिल्ली में आठ फरवरी को नई विधानसभा के लिए वोट डाले जा रहे हैं।वोटिंग के बीच ही केजरीवाल के हनुमान मंदिर जाने को लेकर बीजेपी नेता मनोज तिवारी की तरफ से तंज कसा गया। इस पर केजरीवाल ने ट्विटर पर आकर जवाब दिया है। केजरीवाल के अलावा उनके पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी तिवारी को अपने ही तरीके से जवाब दिया है।
भगवान सबका भला करे
केजरीवाल ने शनिवार को ट्वीट किया है। उन्होंने इस ट्वीट में लिखा है, 'जब से मैंने एक टीवी चैनल पे हनुमान चालीसा पढ़ा है, भाजपा वाले लगातार मेरा मजाक उड़ा रहे हैं। कल मैं हनुमान मंदिर गया।आज भाजपा नेता कह रहे हैं कि मेरे जाने से मंदिर अशुद्ध हो गया। ये कैसी राजनीति है? भगवान तो सभी के हैं। भगवान सभी को आशीर्वाद दें, भाजपा वालों को भी।' अंत में उन्होंने लिखा, 'सबका भला हो।' सीएम केजरीवाल शुक्रवार को वोटिंग से पहले हनुमान मंदिर गए थे और यहां पर उन्होंने प्रार्थना की।

क्या कहा था मनोज तिवारी ने
मनोज तिवारी ने शनिवार को वोट डालने के बाद जब मीडिया से बात की तो उन्होंने केजरीवाल के मंदिर जाने को लेकर बयान दिया था। मनोज तिवारी ने कहा था, 'वह पूजा करने गए थे या हनुमानजी को अशुद्ध करने गए थे?' उन्होंने आगे कहा, 'एक हाथ से जूता उतारकर, उसी हाथ से माला लेकर, क्या कर दिया? जब नकली भक्त आते हैं तो यही होता है। मैंने पंडितजी को बताया, बहुत बार हनुमान जी को धोए।'

भगवान राम भी नहीं बचा सकते बीजेपी को
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी मनोज तिवारी को जवाब दिया है। उन्होंने सवाल किया, 'दिल्ली के सीएम को इतनी अछूत भावना से देखती है बीजेपी? इससे ज्यादा गिरा हुआ और घटिया बयान नहीं हो सकता है। अभी भी आप उस युग में हैं जहां दलितों को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाता था। श्रीराम भी अब बीजेपी को नहीं बचा सकते हैं। '
भगवान ने कहा तुम अच्छा काम कर रहे हो
दिल्ली के सीएम केजरीवाल शुक्रवार को कनॉट प्लेस स्थित पुराने हनुमान मंदिर गए थे। यहां पर पूजा करने के बाद उन्होंने ट्वीट किया था, 'सीपी के पुराने हनुमान मंदिर जाकर भगवान हनुमान का आर्शीवाद लिया है। दिल्ली और भारत की तरक्की के लिए प्रार्थना की। भगवान ने कहा तुम अच्छा काम कर रहे हो और इसी तरह से लोगों की सेवा करते रहो। कड़ी मेहनत का नतीजा मुझे पर छोड़ दो, सब अच्छा होगा।' पांच फरवरी को केजरीवाल ने जब एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में हनुमान चालीसा पढ़ी तो उन्हें बीजेपी की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications