अग्निपथ की तुलना 'महाभारत के चक्रव्यूह' से! रक्षा मंत्रालय ने खारिज किए राहुल गांधी के आरोप, जानिए क्या कहा?
लोकसभा में सोमवार एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अग्निपथ स्कीम को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने केंद्र को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सेना के जवानों को अग्निवीर के चक्रव्यूह में फंसाया गया है। एलओपी ने आरोप लगाया कि इस बार के बजट में अग्निवीरों के लिए पेंशन में एक रुपया नहीं है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि जब जवानों के पैसा देने की बात आती है तो जवानों की पेंशन के लिए एक रुपया नहीं दिया। वहीं सदन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया। जिसके बाद रक्षा मंत्रालय के एक बयान जारी कर राहुल गांधी के आरोपों गलत बताया है।

एलओपी राहुल गांधी के अग्निवीर वाले दावे को रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने खारिज कर दिया। एक बयान में कहा कि सैन्य सेवा के दौरान जान गंवाने वाले अग्निवीर के परिवार को 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जाती है। इसमें बीमा और दूसरे मद भी शामिल हैं।
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, अगर मिलिट्री सर्विस के दौरान किसी अग्निवीर की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिजनों को 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलती है। इसमें 48 लाख रुपये का बीमा है, जिस पर अग्निवीर से कोई भुगतान नहीं लिया जाता है। 44 लाख रुपये की अनुग्रह राशि, सेवा निधि पैकेज लगभग 11.70 लाख रुपये और सर्विस की शेष अवधि के लिए वेतन भी शामिल है।
इसके अलावा, अग्निवीरों को 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर भी मिलता है, जिसे लेकर सरकार ने कई बैंकों के साथ समझौता किया है। अग्निवीरों को किसी भी प्रीमियम का भुगतान करने की जरूरत नहीं होती है।












Click it and Unblock the Notifications