लद्दाख में बोले राजनाथ सिंह- पड़ोसी समझें, एक-दूसरे पर गोलियां बरसाने से नहीं सुलझते मुद्दे
पड़ोसी समझें, एक-दूसरे पर गोलियां बरसाने से नहीं सुलझते मुद्दे
लेह, 28 जून: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस समय लद्दाख के दौरे पर हैं। रक्षा मंत्री रविवार को तीन दिवसीय दौरे लद्दाख पहुंचे हैं। सोमवार को उन्होंने जवानों के बात कर उनका हौंसला बढ़ाया और चीन के साथ टकराव के वक्त उनकी दिलेरी के लिए तारीफ की। वहीं अपने संबोधन में चीन को बातचीत के जरिए चीजों को सुलझाने का संदेश भी दिया। इसके अलावा उन्होंने लेह, लद्दाख में कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन भी किया।

Recommended Video
राजनाथ सिंह ने लेह में वायुसेना स्टेशन का दौरा किया और वहां जवानों से मुलाकात की। लेह में जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, आप जैसे जवानों के कारण ही देश आज सुरक्षित है। भारत-चीन गतिरोध के समय आपने जो तैयारी की उसकी जितनी प्रशंसा की जाए, वो कम है। मुझे भरोसा है कि आगे भी अगर कोई हालात पैदा होंगे तो हम उसका बखूबी मुकाबला करेंगे। उन्होंने जवानों से कहा, मैंने अपने जवानों का जो बुलंद हौसला देखा है, मैं पूरी तरह से आश्वस्त होकर यहां से कल दिल्ली जा रहा हूं। एक साल पहले आपने जो करिश्माई काम किया है, सारा देश आप लोगों की तारीफ कर रहा है।
लद्दाख में राजनाथ सिंह ने चीन को संदेश देते हुए कहा, पड़ोसी देशों के साथ बातचीत के जरिए मुद्दों का समाधान निकालने का प्रयास किया जाना चाहिए। हमारे पड़ोसी देश कई सौ वर्षों तक हमारे पड़ोसी ही रहेंगे। ऐसे में हमें सोचना है कि क्या एक दूसरे पर गोलियां चलाने से किसी समस्या का समाधान हो सकता है? क्या हम बातचीत के जरिए समाधान नहीं ढूंढ सकते हैं? मुझे विश्वास है कि एक दिन ये बात समझ आएगी। रक्षामंत्री ने लद्दाख में ठिकसे मठ में पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया।
राजनाथ सिंह ने यहां जवानों से ये भी कहा कि हमारी सरकार आप सभी का उसी तरह ध्यान रखना चाहती है, जिस तरह से आप देश की सुरक्षा का ध्यान रखते हैं। आप लोगों को सुविधा के लिए हेल्पलाइन की भी व्यवस्था की गई है।
रक्षामंत्री ने ये भी कहा कि लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद आतंकवाद की घटनाओं में कमी आई है। यहां निवेश लाने और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए केंद्र की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में राजनीतिक प्रक्रिया भी जल्दी ही शुरू हो जाएगी। जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों से पीएम ने बात की है, अब वो लद्दाख के राजनीतिक लोगों से भी बात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications