न्यूक्लियर वैज्ञानिक की कुपोषण के चलते मौत, कई दिनों तक शव सड़ता रहा
Delhi, murder, scientist, nuclear scientist, delhi, दिल्ली
नई दिल्ली। देश के लिए अपना पूरा जीवन देने के बाद एक वैज्ञानिक को भुखमरी जैसे हालात का सामना करना पड़े, यहां तक कि उसे ऐसा जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़े जहां उसे कोई देखने और पूछने वाला नहीं हो, यही नहीं इस वैज्ञानिक की मौत के बाद कई दिनों तक उनका शव सड़ता रहे तो यह ना सिर्फ देश की सरकार बल्कि पूरे समाज पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। देश की राजधानी में जिस तरीके से रिटायर्ड न्यूक्लियर वैज्ञानिक यशवीर सूद का शव एक बंद कमरे में कई दिनों तक सड़ता रहा वह कई गंभीर सवाल खड़ा करता है।

कई दिनों तक शव सड़ता रहा
रिटायर्ट वैज्ञानिक इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिक थे, जिनका शव दिल्ली स्थित पूसा इलाके में उनके घर में पाया गया। जिस तरह से उनका शव बुरी अवस्था में पाया गया है उसे देखकर लगता है कि यशवीर सूद की मौत बहुत पहले हो गई थी। लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि उनके दो भाई बहनों को उनकी मौत की कोई जानकारी नहीं थी, जोकि उसी घर में रहते थे। यशवीर सूद की मौत का तब पता चला जब उनके पड़ोसियों ने इस बाबत पूसा निगम को जानकारी दी कि उनके घर से दुर्गंध आ रही है। जब मौके पर पुलिस पहुंची तो परिवार वालों ने पुलिस क घर के भीतर नहीं आने दिया, काफी विरोध के बाद पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई, जहां यशवीर सूद का शव काफी हद तक सड़ चुका था और यह एक पलंग पर पड़ा हुआ था।
मानसिक रूप से बीमार थे उनके भाई-बहन
पुलिस ने बताया कि यशवीर सूद के भाई और बहन हैं जिनकी उम्र तकरीबन 60 वर्ष है, जोकि मानसिक रूप से बीमार हैं। दिल्ली वेस्ट के डीसीपी विजय कुमार ने बताया कि वैज्ञानिक यशवीर सूद की प्राकृतिक मौत हुई है, मुमकिन है कि चार दिन पहले ही उनकी मौत हो गई है। हालांकि पड़ोसियों का कहना है कि उन्हें घर से दुर्गंध तकरीबन एक हफ्ते से आ रही थी, लेकिन उन्हें ऐसा लगा कि यह बारिश की वजह से आस-पास की गंदगी से आ रही है।
कुपोषण की वजह से हुई मौत
गौरतलब है कि यशवरी सूद प्रिंसिपल वैज्ञानिक के पद से न्यूक्लियर साइंस डिपार्टमेंट से 2015 में रिटायर हुए थे। जिसके बाद उनसे सरकारी आवास खाली करने को कहा गया था। जिसके बाद सूद संस्थान के परिसर में के एक कमरे में रहने लगे थे। डीसीपी सूद का कहना है कि ऐसा लगता है भुखमरी की वजह से वैज्ञानिक की मौत हुई है, उनके भाई और बहन भी शारीरिक रूप से काफी बुरी अवस्था में हैं, उनका मानसिक स्तर भी ठीक नहीं है, उन दोनों को इंस्टिट्यूट ऑफ ह्युमेन बिहेवियर एंड साइंसेज में भर्ती करा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications