विराट कोहली की 9 महीने की बेटी को धमकियों पर दिल्ली महिला आयोग सख्त, पुलिस से पूछा- क्या कार्रवाई की
नई दिल्ली, 2 नवंबर: टी-20 वर्ल्डकप में हार के बाद कप्तान विराट कोहली की 9 महीने की बेटी को सोशल मीडिया पर रेप करने की धमकी दिए जाने के मामले में दिल्ली महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे गंभीर बताते हुए दिल्ली पुलिस से इस पर की गई कार्रवाई के बारे में रिपोर्ट मांगी है। दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाती मालीवाल ने इसको लेकर दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच को पत्र लिखा है।

Recommended Video
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करते हुए इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी करने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा- विराट कोहली की 9 महीने की बेटी को जिस तरह ट्विटर पर रेप की धमकी दी गई वो बेहद शर्मनाक है। इसी टीम ने हमें हजारों बार गौरवांवित महसूस कराया है, हार पे ये घटियापन क्यों? मैंने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है, 9 महीने की बच्ची को रेप की धमकी देने वाले सभी गिरफ्तार हों।
8 नवंबर तक मांगी रिपोर्ट
स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस से इस संबंध में 8 नवंबर तक विस्तृत रिपोर्ट्स मांगी हैं। आयोग ने दिल्ली पुलिस से मामले में कई गई एफआईआर की कॉपी के साथ ही मामले में किन आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी हुई है, इसकी जानकारी भी मांगी है। अगर कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है तो आयोग ने दिल्ली पुलिस उन कदमों के बारे में पूछा है जो उसने आरोपी इस केस में उठाए हैं।
क्या है मामला
यूएई में चल रहे टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम पहले पाकिस्तान और फिर न्यूजीलैंड से अपना मैच हार गई है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से इतर जाकर उनके परिवार, धर्म वगैरह पर ओछी टिप्पणिया की हैं। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की 9 महीने की बेटी को बलात्कार की धमकियां दी गईं हैं। जिसके बाद महिला आयोग ने इस पर संज्ञान लिया है।












Click it and Unblock the Notifications