छलकती आंखों और सिसकती सांसो ने कहा मेरे सामने मेरा कलाम चला गया
नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के निधन से पूरा देश गमगीन है तो वहीं उनके परिवार में किसी को अपना होश नहीं है, हर चेहरे पर उदासी और आंखों में आंसू हैं, उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि उनके अपने कलाम नहीं रहे। आंसूओं का सैलाब उन आंखों से लगातार बहा जा रहा है जो आंखें कलाम साहब के बड़े भाई मुथू मोहम्मद मीरन मरक्काईर की हैं।
99 साल के मुथू मोहम्मद ने छलकती आंखों से कहा कि अब शायद ही मैं कभी चैन सो पाऊं, मेरे सामने मेरा छोटा भाई (83) चला गया। बड़े भाई के जज्बात पीड़ा से भरे हुए हैं, रोती आंखे और सिसकती सांसों ने कहा कि अभी कल ही तो उसने मुझसे कहा था कि अगले साल आपका सौंवा जन्मदिन मनाऊंगा और आज वो चला गया।
मोहम्मद ने कहा कि मेरे कानों में उसकी आवाज खनक रही है, हर जगह केवल उसी की तस्वीर दिखायी दे रही है, समझ में नहीं आ रहा कि अब मैं कभी सो भी पाऊंगा या नहीं। कलाम हमारा गुरूर था, हमने उससे बहुत कुछ सीखा है।
आपको बता दें कि कलाम साहब का अंतिम संस्कार उनकी जन्मस्थली रामेश्वरम में 30 जुलाई को पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जायेगा, उनका परिवार उनके अंतिम दर्शन के लिए व्याकुल है। गौरतलब है कि 27 जुलाई को शिलांग में आईआईएम में भाषण देने के दौरान कलाम साहब को दिल का दौरा पड़ा, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।













Click it and Unblock the Notifications