गुजरात पुलिस को बड़ी कामयाबी, दाऊद गिरोह के शॉर्प शूटर समेत चार को किया गिरफ्तार
पुलिस को शुरुआती जांच में जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक गिरफ्तार शॉर्प शूटर और उसके साथी दाऊद इब्राहिम के भाई अनीस इब्राहिम के कहने पर यहां आए थे।
राजकोट। गुजरात पुलिस उस समय अहम कामयाबी हाथ लगी जब दाऊद इब्राहिम गिरोह का एक शॉर्प शूटर उनके हत्थे चढ़ गया। पुलिस टीम ने दाऊद गैंग के शॉर्प शूटर के साथ-साथ तीन अन्य को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दाऊद गिरोह के ये गुर्गे गुजरात के राजकोट में एक कारोबारी की हत्या के लिए आए थे।

राजकोट में कारोबारी की हत्या के लिए आए थे शार्प शूटर
पुलिस को शुरुआती जांच में जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक गिरफ्तार शॉर्प शूटर और उसके साथी दाऊद इब्राहिम के भाई अनीस इब्राहिम के कहने पर यहां आए थे। उन्हें अनीस इब्राहिम ने ही कारोबारी की हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस ने बताया कि शॉर्प शूटर रामदास रहाणे को इस काम के लिए 10 लाख रुपये मिले थे।
राजकोट शहर के डीसीपी एसआर ओदेदारा ने बताया कि रामदास रहाणे और उसके तीन साथी एक निजी बस से राजकोट आ रहे थे। जानकारी के मुताबिक इनका निशाना जामनगर में कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाने वाले एक कारोबारी थे। ये लोग कारोबारी की हत्या के लिए राजकोट पहुंचे थे। बस की जांच के दौरान इन चारों को बेहद संदिग्ध अंदाज के चलते पकड़ा गया। इनके सामान की जांच में एक पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस, दो चाकू और फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई है। माना जा रहा है कि रामदास रहाणे पर मुंबई में कई घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। उसका नाम उस समय भी चर्चा में आया था जब 2011 में बिल्डर मनीष ढोलकिया के ऊपर फायरिंग हुई थी जिसमें मनीष ढोलकिया तो बच गए थे लेकिन उनका गार्ड मारा गया था।












Click it and Unblock the Notifications