बीवी की लाश ढोने वाले ओडिशा के दाना मांझी को बहरीन के प्रिंस ने दिए 9 लाख रुपए
भुवनेश्वर। बीवी की लाश को कई किलोमीटर ले जाने को मजबूर हुए ओडिशा के दाना मांझी की खबर और वीडियो ने भारत ही नहीं दुनिया को झकझोर दिया। दाना मांझी के बारे में जानने के बाद बहरीन के धनकुबेर प्रिंस भी पिघल गए और उनको लखपति बना दिया। दाना मांझी फ्लाइट से भुवनेश्वर से दिल्ली गए और प्रिंस की तरफ से उनको लगभग 9 लाख रुपए का चेक दिया गया।

बीवी की मौत के बाद पलटी तकदीर
ओडिशा में कालाहांडी में टीबी की वजह से दाना मांझी की बीवी की मौत हो गई। लाश को अस्पताल से 60 किलोमीटर दूर गाड़ी से ले जाने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। इसलिए उन्होंने बीवी की लाश को कांधे पर उठा लिया और 12 किलोमीटर तक चलते रहे। साथ में उनकी बेटी थी।
दाना मांझी के इस तरह लाश ढोने के वीडियो ने देश ही नहीं दुनिया को हिला कर रख दिया। इसके बाद दाना मांझी की मदद के लिए लोग आगे आने लगे।
इस खबर को इंटरनेशनल मीडिया में भी अहमियत मिली और जब बहरीन के प्रधानमंत्री प्रिंस खलीफा बिन सलमान अल खलीफा ने इस बारे में जाना तो उनका दिल पसीज गया।
बहरीन के प्रिंस ने दाना मांझी की मदद के लिए उनको लगभग 9 लाख रुपए देने का फैसला लिया और इस बारे में भारतीय दूतावास से संपर्क किया। दाना मांझी फ्लाइट से भुवनेश्वर से दिल्ली गए और वहां पांच सितारा होटल में प्रिंस की तरफ से उनको चेक सौंपा गया।

मांझी पर मदद की बरसात
दाना मांझी की तीनों बेटियों की पढ़ाई लिखाई भुवनेश्वर के रेसिडेंशियल कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में होगी। सुलभ इंटरनेशनल ने दाना मांझी के लिए 5 लाख का फिक्स डिपोजिट खुलवाया है।
इसके अलावा सुलभ दाना मांझी की बड़ी बेटी को 10,000 रुपए प्रति महीने तब तक देगी जब तक कि उसकी शादी न हो जाए या उसे कोई रोजगार न मिल जाए।
जिला प्रशासन ने मांझी को 30,000 रुपए और चावल का बोरा दिया। महाराष्ट्र के एक परोपकारी ने 80,000 रुपए की मदद दी।
इंदिरा आवास योजना के तहत राज्य सरकार से दाना मांझी को 75,000 रुपए और 4 डेसिमल जमीन मिली। अब बहरीन के प्रिंस ने उनको 9 लाख रुपए दिए।












Click it and Unblock the Notifications