Daily Political Update: 'कुछ लोग कहते थे राम मंदिर के निर्माण से आग भड़क जाएगी', पीएम का विपक्ष पर वार
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग कहते थे कि राम मंदिर बनने से आग भड़क जाएगी।
वहींं, अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन समारोह के बाद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज 500 वर्षों बाद राम लला यहां लौटे हैं और जिनके प्रयासों से हम आज का यह स्वर्ण दिन देख रहे हैं।

उधर, भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सोमवार को असम के नागांव जिले में रोक दिया गया। इसके बाद राहुल ने पीएम मोदी पर तीखा प्रहार किया। वहीं, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बीच ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में रैली निकाली। आइए जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अयोध्या राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। पीएम मोदी ने संपूर्ण विधि विधान के साथ राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सभा को संबाेधित करते हुए कहा कि रामलला के इस मंदिर का निर्माण भारतीय समाज के शांति, धैर्य, आपसी सद्भाव और समन्वय का भी प्रतीक है। राम मंदिर का निर्माण किसी आग को नहीं, बल्कि ऊर्जा को जन्म दे रहा है। पीएम ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि कुछ लोग कहते थे कि राम मंदिर बनने से आग भड़क जाएगी, लेकिन उनको सोचना चाहिए कि राम भगवान अग्नि नहीं, ऊर्जा हैं।
500 वर्षों बाद राम लला अयोध्या लौटे: मोहन भागवत
आरएसएस के प्रमुख डॉ मोहन भागवत ने अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर देशवासियों को बधाई दी। मोहन भागवत ने कहा कि आज 500 वर्षों बाद राम लला अयोध्या लौटे हैं और जिनके प्रयासों से हम आज का यह स्वर्ण दिन देख रहे हैं, उन्हें हम कोटि-कोटि नमन करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस युग में राम लला के यहां वापस आने का इतिहास जो कोई भी श्रवण करेगा, उसके सारे दुख-दर्द मिट जाएंगे, इतना इस इतिहास में सामर्थ्य है।
अब मोदी तय करेंगे कि मंदिर कौन जाएगा?
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को असम के नागांव जिले में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान (सत्तरा) जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद राहुल अपने समर्थकों के साथ वहीं धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि क्या अब पीएम मोदी तय करेंगे कि देश में किसी मंदिर का दौरा कौन करेगा। यह अजीब है कि जहां बाकी सभी लोग जा सकते हैं, वहां राहुल गांधी नहीं जा सकते।
बंगाल में ममता की रैली
अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन सोमवार को ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में सर्वधर्म सद्भावना रैली की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले कालीघाट मंदिर में पूजा अर्चना की और इसके बाद रैली रवाना हुई। सीएम ममता ने हाजड़ा मोड़ से रैली का नेतृत्व किया। इस रैली के दौरान ममता बनर्जी मस्जिदों, गिरिजाघरों, गुरुद्वारे सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का दौरा करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications