Daily Political Update: 'बीजेपी को केवल हम हरा सकते हैं', बंगाल में गरजीं ममता, तो नीतीश ने बोला तीखा हमला
Daily Political Roundup: भूमि घोटाले के मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर ईडी की कार्रवाई को लेकर सियासी हंगामा मचा हुआ है। रांची में कई जगहों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है।
उधर, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पथराव को लेकर कांग्रेस ने ममता सरकार को घेरा है।

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन को घेरते हुए कहा कि आज तक वो सीट शेयरिंग नहीं कर पा। तो वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम..
सीएम हेमंत सोरेन से ED की पूछताछ
जमीन घोटाले से जुड़े मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की टीम ने पूछताछ की। सीएम सोरेन ने ईडी के अधिकारियों के खिलाफ एसटी-एसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। सीएम हेमंत ने ईडी के अधिकारियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं, ईडी की कार्रवाई के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मामले में सियासी बयानबाजी भी जारी है। झारखंड सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि संवैधानिक शक्तियों का सदुपयोग करेंगे। हम इन सारी परिस्थितियों के विरुद्ध पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर पथराव
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बुधवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पथराव की खबर है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि जब राहुल गांधी बस में थे, उस वक्त यह घटना हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, कांग्रेस ने ममता सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्य में यात्रा को सुरक्षा बड़े पैमाने पर नहीं दी गई। हालांकि, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पथराव की खबर का खंडन किया है।
इंडिया गठबंधन पर नीतीश कुमार का वार
एनडीए में शामिल होने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। नीतीश कुमार ने कहा कि हालत आप देख सकते हैं। उन लोगों ने एक काम नहीं किया, आज तक सीट शेयरिंग नहीं हुई। हम जिनके साथ पहले से थे वहीं आ गए अब यहीं रहेंगे और बिहार के विकास के लिए काम करेंगे।" वहीं, नीतीश ने आरजेडी पर भी निशाना साधा है। नीतीश ने कहा कि जब RJD राज था तो क्या होता था? शाम के बाद कोई बाहर निकलता था? जब 2005 में हम आए तब से काम शुरू हुआ। हमें पता है कि कुछ लोग अपना प्रचार करते हैं लेकिन यह भी याद करें कि हमने कितना काम किया है।"
भाजपा को केवल हम हरा सकते हैं: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा को जमकर घेरा। सीएम ममता ने कहा कि कुछ लोग चुनाव आते ही कोयल की तरह कुहू-कुहू करना शुरू कर देते हैं। भाजपा के साथ हमारी लड़ाई चलेगी, हम अकेले ही लड़ेंगे। भाजपा को अगर कोई हरा सकता है तो वह तृणमूल कांग्रेस ही है।












Click it and Unblock the Notifications