Daily Political Update: पीएम मोदी बोले- 'कांग्रेस के लोग एक दूसरे से लड़ रहे', चीन पर गरजे अमित शाह
Daily Political Roundup: दिल्ली हाई कोर्ट से अरविंद केजरीवाल की याचिका खारिज होने के बाद सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने इसे एक बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र बताया है।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला।

वहीं, कांग्रेस ने एक बार फिर राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर हमला बोला है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
यह एक राजनीतिक षड्यंत्र: सौरभ भारद्वाज
दिल्ली हाई कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह एक बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसमें अरविंद केजरीवाल को फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों के घोटालों में सीबीआई और ईडी को अब तक एक पैसा भी गैरकानूनी रिकवर नहीं हुआ, जो कि एजेंसियों की जांच पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
कांग्रेस के लोग एक दूसरे से लड़ रहे: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लोग भाजपा से नहीं, बल्कि एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। एक वक्त था जब कांग्रेस सरकार अपनी शिकायतें लेकर दूसरे देशों के पास जाती रहती थी। लेकिन, अब वक्त बदल चुका है। दुनिया के बड़े-बड़े देश भारत से अपने मुद्दे पर बात करने के लिए आते हैं।
हम राम के व्यापारी नहीं: जयराम रमेश
लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस ने भाजपा को राम मंदिर मुद्दे को लेकर घेरा है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि 22 जनवरी का समारोह एक राजनीतिक समारोह था। ये प्रोजेक्ट 70 साल से रहा है। कांग्रेस राम के पुजारी हैं, यह आस्था है। वो राम के व्यापारी हैं, ये एक निजी मामला है। हम राम के व्यापारी नहीं हैं, हम राम के पुजारी हैं।"
चीन पर गरजे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चीनी अतिक्रमण की खबरों के बीच बड़ा बयान दिया है। शाह ने असम के लखीमपुर में चुनावी रैली में कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में चीन एक इंच भी जमीन का अतिक्रमण नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने बांग्लादेश के साथ देश की सीमा को सुरक्षित किया और घुसपैठ रोक दी।












Click it and Unblock the Notifications