उत्तर प्रदेश में हुडहुड ने कराई झमाझम बारिश
कानपुर। चक्रवाती तूफान हुडहुड भले ही अब चला गया हो लेकिन उसका असर अभी तक बरकरार है। विशाखापत्तनम और ओडि़शा से हजारों मील दूर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इसका असर देखने को मिला है।
सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई जिसकी वजह से तापमान में भी काफी गिरावट आ गई है। न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि उत्तर भारत का यही हाल है।
बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश के कानपुर, आगरा, लखनऊ, बनारस और इलाहाबाद में कई घंटों तक बारिश होती रही।इस बारिश की वजह से इन सभी जगहों पर लोगों को समय से पहले ही ठंड का अहसास करने को मजबूर होना पड़ा।
एयरफोर्स स्टेशन कानपुर स्थित मौसम विभाग के मुताबिक इस बारिश के अगले दो दिनों तक रहने का अनुमान है। इसकी वजह से तापमान में और गिरावट आएगी। साथ ही इस सीजन में तापमान बारिश की वजह से अपने न्यूनतम स्तर तक जा सकता है यानी ठंड बढ़ने के भी आसार है।
हुडहुड का है असर
मौसम विभाग की मानें तो यह साफतौर पर उसी चक्रवाती तूफान का असर है जिसने आंध्र प्रदेश और विशाखापत्तनम में 21 लोगों की जान ले ली। विभाग की मानें तो कई वर्षों में आया यह शायद पहला तूफान है जिसने उत्तर प्रदेश और पूरे उत्तर भारत को भी प्रभावित किया है।
उत्तर प्रदेश के साथ ही साथ बिहार में ही भी जोरदार बारिश होने के आसार हैं। कुछ ऐसा ही हाल दिल्ली का भी है।













Click it and Unblock the Notifications