Cyclone Fengal: तमिलनाडु में भारी बारिश, पुड्डुचेरी में स्कूल-कॉलेज बंद
Cyclone Fengal: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहरा दबाव जल्द ही चक्रवात फेंगल में बदल सकता है। अनुमान है कि यह 30 नवंबर की सुबह तमिलनाडु-पुडुचेरी के उत्तरी तटों, खास तौर पर कराईकल और महाबलीपुरम के बीच में दस्तक देगा।
मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात के तट के टकराने के साथ ही 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जोकि संभावित रूप से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती हैं। फिलहाल यह चक्रवात त्रिंकोमाली के पास स्थित है और श्रीलंका के तट को पार करते हुए उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

चक्रवात को देखते हुए पुडुचेरी में भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। चक्रवात के चलते निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री ने चक्रवात को लेकर अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने लोगों को राहत शिविर और सुरक्षित इलाकों में ले जाने का निर्देश दिया है। साथ ही चौबीसों घंटे काम करने वाला एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
चेन्नई में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में बारिश की अलग-अलग तीव्रता का अनुमान लगाया है, जिसमें बताया गया है कि कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और पुडुचेरी सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, चेन्नई और तिरुवल्लूर जैसे जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
चक्रवात के आने से पहले ही इस क्षेत्र में उथल-पुथल मच गई है। रुक-रुक कर हो रही बारिश ने तमिलनाडु के कावेरी डेल्टा क्षेत्रों को प्रभावित किया है। यह प्रतिकूल मौसम कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचा रहा है। तकरीबन 200 एकड़ में फैली धान की फसल पानी में डूब गई है। भारी बारिश के कारण नागापट्टिनम और विल्लुपुरम में नमक के विशाल क्षेत्रों में बाढ़ आ गई है।
इसके अलावा भारी बारिश की वजह से अलग-अलग जगहों पर नुकसान की खबर सामने आ रही है। तरंगमपदी में पुराना घर ढह गया है। जबकि तिरुवरुर जिले के जंबुवनोदय में एक धारगा टैंक की दीवार ढह गई है। साथ ही कई जगहों पर पेड़ उखड़ने से बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं और विभिन्न इलाकों में बिजली गुल हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications