कोरोना के चलते अहमदाबाद में फिर लगा कर्फ्यू, रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा लागू
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में एक बार फिर से कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। इसे देखते हुए गुजरात सरकार ने गुरुवार रात से अहमदाबाद में नाइट कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया है। ये कर्फ्यू रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा। नाइट कर्फ्यू के दौरान सिर्फ आवश्यक चीजों की ही दुकानें खुले रहेंगी। इससे पहले केंद्र सरकार ने गुजरात के लिए स्पेशल टीम का गठन किया है। जो कोरोना को फैलने से रोकने में मदद करेगी।

Recommended Video
दीपावली व नववर्ष त्योहार के बाद गुजरात के कुछ शहरों में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके चलते अहमदाबाद में शुक्रवार से रात का कर्फ्यू लागू किया गया है। गुजरात में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो लाख के करीब पहुंच गई है। अहमदाबाद में कोरोना संक्रमितों की संख्या 46022 पहुंच चुकी है, जबकि मौत का आंकड़ा 1950 हो चुका है।
राज्य सरकार के एसीएस राजीव गुप्ता के अनुसार, दीपावली के बाद बढ़ रहे कोरोना केस और सर्दियों में केस और बढ़ने की आशंका के मद्देनजर सरकार ने ये फैसला लिया है। कर्फ्यू 20 नवंबर से शुरू होगा। उन्होंने कहा अहमदाबाद जैसे शहरों में मरीजों के लिए बेड की पूरी व्यवस्था है। इस बारे में लोग फैल रही किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।
अहमदाबाद के अस्पतालों में 300 डॉक्टर तथा 300 मेडिकल स्टूडेंट तैनात किए गए हैं। साथ ही, बेड की संख्या भी 900 और बढ़ाई गई है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की जरूरत पड़ने पर 20 और अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। अहमदाबाद मनपा में विशेष अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ राजीव गुप्ता का कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों ने मास्क नहीं पहना तथा शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया, जिससे कोरोना संक्रमण में बढ़ोतरी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications