रेलवे ने VIP कल्चर की कर दी छुट्टी, अब स्टाफ से घर का काम नहीं करा सकेंगे अधिकारी
नई दिल्ली। रेलवे में चली आ रही वीआईपी कल्चर और वरिष्ठ अधिकारियों के ठाठबाट पर रेल मंत्रालय की तरफ से करारा प्रहार किया गया है। जी हां रेलवे ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से घर और कार्यस्थल पर मेहनत करने को कहा है। इतना ही नहीं रेलवे ने काफी संख्या में वरिष्ठ अधिकारियों के घरों पर काम करने वाले गैंगमैन को उनकी मूल ड्यूटी पर वापस भेजने का भी फैसला किया है। मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि रेलवे बोर्ड चेयरमैन और आला अधिकारियों के स्वागत में होने वाले खर्च और समय की बर्बादी पर भी रोक लगेगी।

रेलवे के इस फैसले से 36 साल पुराने उस प्रोटोकॉल को पर भी गाज गिरी है जिसके तरह रेलवे बोर्ड चेयरमैन और बोर्ड मेंबर्स के जोनल विजिट के दौरान जनरल मैनेजर्स को उनके आगमन और विदाई पर प्रस्तुत होना पड़ता था। मंत्रालय के कामकाज में बड़े परिवर्तन के तहत रेलवे बोर्ड ने 1981 के सर्कुलर को खत्म करने का फैसला किया, जिसके तहत ऐसे प्रोटोकॉल जरूरी किए गए थे।
28 सितंबर के अपने आदेश में मंत्रालय ने कहा कि रेलवे बोर्ड चैयरमैन और दूसरे मेंबर्स के विजिट के दौरान एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर प्रोटोकॉल को लेकर लागू गाइडलाइन और आदेश को त्वरित प्रभाव से खत्म किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि करीब 30,000 ट्रैकमैन वरिष्ठ अधिकारियों के घरों में काम करते हैं। उन्हें तुरंत ड्यूटी जॉइन करने का आदेश दिया गया है। सूत्रों के अनुसार एक महीने में करीब 6000 से लेकर 7000 अधिकारी काम पर लौट चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications