राहत की खबर: वैज्ञानिकों का दावा, इस तारीख तक खत्म हो जाएगा कोरोना
नई दिल्ली। जब से भारत में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप शुरू हुआ है, तब से हर किसी के मन में यह सवाल है कि COVID-19 का अंत कब होगा? सिंगापुर की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड डिजाइन डेटा-ड्रिवेन इनोवेशन लैब (डीडीआई) ने हाल ही में इस सवाल को लेकर एक गणितीय मॉडल पेश किया है जो अब सुर्खियों में है। संस्थान ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत में कोरोना वायरस के मामलों में 25 मई तक 97 फीसदी और 4 जून, 2020 तक 99 प्रतिशत तक की कमी आएगी।

1 अगस्त, तक पूरी तरह खत्म हो जाएगा कोरोना
डीडीआई लैब ने कोरोना वायरस को लेकर अपनी भविष्यवाणियों में कहा है कि भारत में COVID-19 के मामले 1 अगस्त, 2020 तक 100% समाप्त हो जाएंगे। दूसरी ओर, दुनिया भर में कोरोना वायरस के मामले 27 नवंबर तक जारी रहने की संभावना जताई गई है। SARS-CoV-2 के कारण होने वाली यह बीमारी दुनियाभर में 30 मई तक 97% और 16 जून तक 99% समाप्त हो जाएगी।

इन देशों में 99% खत्म हुआ कोरोना
डेटा से पता चलता है कि चीन, दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, वियतनाम और आइसलैंड में पहले ही COVID-19 के 99% मामले खत्म हो चुके हैं। हालांकि वैज्ञानिकों ने यह भी कहा है कि दावे वास्तविक दुनिया में कोरोना वायरस को लेकर क्या गतिविधी चल रही है और सरकार के नीतिगत फैसलों पर भी निर्भर करते है। इसके अलावा, किसी भी देश में ट्रांसमिशन डायनामिक्स, उस देश के साथ-साथ दुनिया भर के अन्य देशों में लागू किए गए निगरानी और नियंत्रण उपायों पर भी निर्भर है क्योंकि आज की दुनिया में कोई भी अलगाव में नहीं रह सकता है।

भारत ने पार कर लिया कोरोना का चरम स्तर
DDI के अनुमानों में दिखाए गए आंकड़ों के अनुसार भारत ने 22 अप्रैल के आसपास कोरोना वायरस विस्तार के चरम स्तर को पार कर लिया है। हालांकि भारतीय विशेषज्ञों का मानना है कि देश में अभी संक्रमण का अधिकतम स्तर आना बाकि है। अगर भारत में कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए उठाए गए गदम प्रभावी रूप से जारी रहे तो संक्रमण का विस्तार जारी रहेगा और यह मई के अंत तक अपने चरम पर होगा।

स्वाभाविक रूप से कोरोना का अंत जानना संभव
डीडीआई के निदेशक जियानक्सी लुओ लिखते हैं कि दुनिया भर में आज हर कोई स्वाभाविक रूप से जानना चाहते हैं कि COVID-19 महामारी कब खत्म होगी। हालांकि, हम जिस दुनिया में रहते हैं और जिस संक्रामक बीमारी का सामना कर रहे हैं उसके जटिल, गतिशील और विषम प्रकृति को देखते हुए उसके स्वाभाविक रूप से खत्म होने का अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने इसी प्रेरणा की वजह से ऐसी भविष्यवाणी की है।

गणितीय मॉडल का उपयोग करके लगाया अनुमान
डॉ लुओ बताते हैं कि किसी अन्य महामारी की तरह COVID-19 एक जीवन चक्र पैटर्न का अनुसरण करता है जिसमें प्रारंभिक प्रकोप, त्वरण चरण, विभक्ति बिंदु, मंदी चरण और अंतिम समाप्ति शामिल है। गणितीय मॉडल का उपयोग करते हुए डेटा वैज्ञानिक ऐसे संकट का खतरनाक स्तर या खत्म होने का अनुमान लगाते हैं। सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नॉलजी ऐंड डिजाइन के इस मॉडल में कोरोना वायरस के लाइफ साइकल का इस्तेमाल करते हुए इसे लेकर भविष्यवाणी की गई है।

2 लाख से ज्यादा लोगों को हो चुकी है मौत
बता दें कि पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से जूझ रही है। दुनियाभर में इसके मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दुनियाभर में अब तक कोरोना से 30 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं तो वहीं अब तक दो लाख से अधिक लोगों की मौत हो गई है। भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 29,974 हो गई है। अब तक 937 मौतें हुई हैं। इस समय 22010 एक्टिव केस हैं यानि इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 7027 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुरः कोरोना के बाद अब चमकी बुखार का कहर, जुड़वा बहनों की मौत












Click it and Unblock the Notifications