चीन सीमा विवाद: लद्दाख के चुशूल में कल फिर होगी कोर कमांडर स्तर की बैठक
नई दिल्ली: भारत-चीन के बीच मई से ही लद्दाख में सीमा विवाद जारी थी। इस बीच 15-16 जून की रात गलवान घाटी में हुई झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए। साथ ही चीन को भी काफी नुकसान पहुंचा था। तब से दोनों देश लगातार बातचीत पर जोर दे रहे हैं। मंगलवार को लद्दाख में इसको लेकर एक अहम बैठक होगी। जिसमें विवादित इलाके से पीछे हटने को लेकर चर्चा होगी।

सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक पूर्वी लद्दाख के चुशूल में मंगलवार को भारतीय और चीनी सेना के बीच कोर कमांडर लेवल की बैठक होगी। इस दौरान होनी वाली बातचीत मुख्य रूप से वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर पीछे हटने के दूसरे चरण पर केंद्रित होगी। भारतीय सेना ने इस बैठक के सकारात्मक रहने की उम्मीद जताई है।
तीन दिन पहले हुई थी अहम बैठक
आपको बता दें कि इससे पहले 10 जुलाई को सीमाई मसलों पर भारत और चीन के बीच 16वीं बैठक हुई थी। इस बैठक में दोनों ही पक्षों ने आपसी संबंधों की मजबूती के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने की जरूरत पर सहमति जताई। विदेश मंत्रालय की मानें तो दोनों पक्ष एलएसी के पास से सैनिकों की वापसी सुनिश्चित करेंगे। यही नहीं दोनों ही पक्ष गतिरोध का समाधान सुनिश्चित करने के लिए राजनयिक और सैन्य स्तर पर बातचीत बहाल रखने पर सहमत हुए हैं।
PP-15 के हटे जवान
पूर्वी लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर भारत और चीन की सेना का पीछे हटना जारी है। सूत्रों की तरफ से बताया गया है कि पेट्रोलिंग प्वाइंट (पीपी) 15 के अलावा पीपी 14 और पीपी-17 पर डिसइंगेजमेंट प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा लद्दाख के फिंगर एरिया से भी अब पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के जवान पीछे हटने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications