कोरोना वायरस: कोविशील्ड की पहली और दूसरी खुराक के बीच अब होगा 6-8 हफ्ते का अंतर
नई दिल्ली। देश में दी जा रही कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की पहली और दूसरी डोज के बीच अब छह से आठ हफ्ते (45 से 60 दिन) का फर्क रखना होगा। अभी तक पहली और दूसरी खुराक के बीच चार से छह हफ्ते का अंतर रखने की बात विशेषज्ञों की ओर से कही गई थी। अब दो खुराकों के बीच के समय अंतराल को बढ़ा दिया गया है। सोमवार को केंद्र ने इसको लेकर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखकर दो डोज के बीच गैप बढ़ाने को कहा है।

केंद्र ने वैक्सीन की दो डोज के बीच गैप बढ़ाने का ये फैसला नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन और नेशनल एक्सपर्ट ग्रुप ऑन वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन फॉर कोविड की एक रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। जिसमें कहा गया है कि समय अंतराल बढ़ाने से वैक्सीन ज्यादा प्रभावी होगी। जिसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से से इसे लागू करने को कहा है।
Recommended Video
एस्ट्राजेनेका के सहयोग से सीरम इंस्टीट्यूट में बनी वैक्सीन कोविशील्ड के लिए दो खुराक के बीच समय अंतराल बढ़ाने का ये फैसला किया गया है। देश में कोविशील्ड के अलावा भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके लिए ये नया नियम नहीं है। कोवैक्सीन को जैसे पहले लगाया जा रहा था, वैसे ही लगाया जाएगा।
देश में चल रहा टीकाकरण का दूसरा चरण
देश में इस समय कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण चल रहा है। इसमें 60 साल से ज्यादा के बुजुर्गों और 45 साल से ज्यादा के उन लोगों को वैक्सीन दी जा रही है, जिनका किसी बीमारी के चलते संक्रमण की चपेट में आने का खतरा ज्यादा है। इससे पहले स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन दी गई थी। देश में टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 4 करोड़ 50 लाख 65 हजार लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।
फिर से बढ़ रहे कोरोना मामले
एक तरफ देश में कोरोना टीकाकरण को तेज कर दिया गया है तो वहीं तेजी से बढ़ते कोरोना के मामले भी चिंता का सबब बन रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया है कि देश में पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के कुल 46,951 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 212 लोगों की 24 घंटे के अंदर संक्रमण से मौत हुई है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमेरिका के बाद यहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications