Coronavirus के कारण भक्त हुए भगवान से दूर, शिरडी के कपाट बंद, बिना भक्तों के हुई महाकाल की 'भस्म आरती'
नई दिल्ली। पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 7 हजार से ज्यादा हो गई हैं, ये जानलेवा वायरस अब तक 137 देशों में फैल चुका है, तो वहीं भारत में भी कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 127 हो गई है तो अब तक यहां इससे तीन लोग मौत के शिकार हो चुके हैं, बता दें कि मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में 64 साल के मरीज की मंगलवार को मौत गई है, इसके पहले कर्नाटक में एक मरीज की मौत हुई थी जबकि दिल्ली में भी कोरोना वायरस के कारण एक मरीज मौत का शिकार हुआ था तो वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा में कोरोना वायरस के आज 2 पॉजिटिव केस सामने आए हैं।

शिरडी के कपाट हुए बंद
कोराना के कारण देश के कई मंदिरों के कपाट भी बंद कर दिए गए हैं, महाराष्ट्र के शिरडी में श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट ने आज से मंदिर के कपाट भक्तों के लिए बंद कर दिया है, यह निर्णय देश में बढ़ रहे कोरोना मामलों के मद्देनजर लिया गया है, बता दें कि महाराष्ट्र में अभी तक सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज पाए गए है, यहां वायरस से ग्रसित लोगों की संख्या 39 पहुंच गई है।

बिना भक्तों के हुई 'भस्म आरती'
तो वहीं आज कोरोना वायरस के खौफ के कारण महाकाल मंदिर की 'भस्म आरती' में पूरा मंदिर खाली दिखाई दिया क्योंकि सोमवार को ही 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के पुजारियों ने कोरोना वायरस के खौफ के चलते निर्णय लिया था कि 'भस्म आरती' में आगामी आदेश तक श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं मिलेगा जिसके चलते आज 'भस्म आरती' में एक भी श्रद्धालु शामिल नहीं हुआ।

स्वामीनारायण मंदिरों को बंद करने का ऐलान
तो वहीं पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वामीनारायण प्रबंधन ने दुनिया के सभी स्वामीनारायण मंदिरों को बंद करने का ऐलान किया है, स्वामीनारायण प्रबंधन का कहना है कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण और स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वॉलंटियर्स की सेहत को ध्यान में रखते हुए ये फैसला किया गया है।

जगन्नाथ मंदिर में पर्यटकों की एंट्री बंद
तो वहीं ओडिशा के पुरी जगन्नाथ मंदिर में पर्यटकों की एंट्री बंद कर दी गई है, कोराना वायरस की वजह से कई राज्यों के स्कूल-कॉलेज, मॉल, सिनेमाघरों को बंद कर दिया गया है, सोशल मीडिया पर भी लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि पूरी तरह सावधानी बरतें क्योंकि सावधानी ही बचाव है।

टोल-फ्री राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर ‘1075' जारी
देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने चौबीसों घंटे काम करने वाला एक टोल-फ्री राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर ‘1075' जारी किया, इस पर संक्रमण से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं।

इन बातों का रखें खास ख्याल
- कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए हाथ को करीब 20 सेकेंड तक धोएं।
- हाथों से बैक्टीरिया साफ करने के लिए सेनेटाइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- इसके लिए अल्कोहल आधारित हैंड रब का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचिए।
- जिन लोगों को खांसी या जुकाम हो, उनके संपर्क में ना आएं। अपने नाक-मुंह और आंखों को बार-बार टच ना करें।
- अगर आपको खांसी, जुकाम या बुखार हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
- खांसते और छींकते समय नाक-मुंह पर रूमाल या टिशू पेपर रख लें।












Click it and Unblock the Notifications