दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा 21,144 कोरोना जांच, 4 गुना बढ़ी टेस्टिंग: सीएम अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए अब टेस्टिंग की संख्या को कई गुना तक बढ़ा दिया गया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली ने कल एक दिन में सबसे ज्यादा 21,144 टेस्ट किए गए हैं। हमने टेस्टिंग को 4 गुना बढ़ा दिया है। दिल्ली अब अधिक टेस्टिंग और आइसोलेशन की रणनीति पर काम कर रही है।'
Recommended Video

इसके साथ ही उन्होंने कहा, 'मार्च के महीने में विदेशों से खासकर उन देशों से जहां कोरोना ज्यादा फैला था, वहां से 35,000 लोग दिल्ली आए। कुछ लोगों को क्वारंटाइन किया गया था, लेकिन करीब 35,000 लोगों को घर भेजा गया। ये सब लोग अपने घर गए और एक से दूसरे, दूसरे से तीसरे को कोरोना फैलता गया।' मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'हमने कई होटलों को अस्पताल के साथ जोड़ा, होटल नाराज हुए कोर्ट में गए। हमने कोर्ट में लड़ाई लड़ी और जीत गए। पिछले एक महीने में हमने होटल के अंदर 3,500 बेड तैयार किए हैं। अब राधा स्वामी सत्संग ब्यास में 2,000 बेड और तैयार हो चुके हैं।'
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'दिल्ली में कोरोना वायरस के लिए 13,500 बेड हैं जिसमें से 7,500 बेड खाली हैं। अभी बेड की कमी नहीं है। जून के पहले हफ्ते में जहां दिल्ली में 5,000 टेस्ट रोज हो रहे थे वहीं आज 20,000 टेस्ट रोज हो रहे हैं।' आपको बता दें कोरोना वायरस राजधानी में कितना फैल चुका है, ये जानने के लिए आज से (शनिवार) सेरोलॉजिकल सर्वे भी शुरू हो गया है। सेरोलॉजिकल टेस्ट या सीरो-सर्विलांस स्टडी केंद्र सरकार द्वारा तैयार किए गए कोविड-19 रिसपॉन्स प्लान का हिस्सा है।
दिल्ली में अब कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 73,780 हो गए हैं और यहां संक्रमण से अब तक 2,429 लोगों की मौत हो गई है। अब इस सर्वे में लोगों के ब्लड सैंपल लिए जाएंगे और इस बात का पता लगाया जाएगा कि कितने लोग ऐसे हैं, जिनके शरीर में कोरोना की एंटीबॉडी बनी है। यह संक्रमण और ऑटोइम्यून बीमारियों के निदान के लिए किया जाता है। इसके अलावा इससे ये भी पता चलता है कि क्या किसी व्यक्ति में कुछ बीमारियों से लड़ने के लिए इम्युनिटी है। ये सेरोलॉजिकल सर्वे 27 जून से 10 जुलाई तक होगा।












Click it and Unblock the Notifications