कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर राहुल गांधी का हमला, बोले- मोदी सरकार के कुप्रबंधन के चलते देश का हुआ ये हाल
नई दिल्ली। कोरोना संकट को देखते हुए जब से लॉकडाउन का ऐलान हुआ उसके बाद से ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नरेंद्र मोदी सरकार पर आक्रमक रुख अख्तियार किए हुए हैं। वो मोदी सरकार पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं चूकते। राहुल गांधी ने मंगलवार को देश में कोरोना संक्रमण के मुद्दे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने ट्वीट किया, 'मोदी सरकार के कुप्रबंधन के कारण

- भारत में कोरोना के कुल केस दुनिया में दूसरे नंबर पर हैं।
- भारत में कोरोना मामलों की सप्ताह की सूची अमेरिका और ब्राजील, दोनों के कुल आंकड़े से भी ज्यादा है।
- विश्व में कोरोना के कुल केसों के मामले में रविवार को भारत की हिस्सेदारी 40 फीसदी थी.।
- कोरोना के प्रकोप में कोई कमी नहीं आ रही है।
अपने ट्वीट के अंत में राहुल गांधी ने लिखा है- सभी लोग सुरक्षित रहें। गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस के केसों और इससे होने वाली मौतों में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटों में अब तक की सबसे ज्यादा मौतें दर्ज की गई है। 8 सितंबर की सुबह तक पिछले 24 घंटों में कोरोना से संक्रमित 1,133 मरीजों की मौत हुई है। वहीं, एक दिन में देश में 75,809 नए कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक कोरोना के कुल मामले 42,80,422 हो चुके हैं। 1133 लोगों की मौत के साथ देश में कुल मौतों का आंकड़ा 72,775 पर पहुंच गया है। देश में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या आठ लाख, 83 हजार 697 है।
मोदी जी चला रहे हैं 'सरकारी कंपनी बेचो' मुहिम
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'मोदी जी 'सरकारी कंपनी बेचो' मुहिम चला रहे हैं। खुद की बनाई आर्थिक बेहाली की भरपाई के लिए देश की संपत्ति को थोड़ा-थोड़ा करके बेचा जा रहा है। जनता के भविष्य और भरोसे को ताक पर रखकर एलआईसी को बेचना मोदी सरकार का एक और शर्मनाक प्रयास है।' अपने ट्वीट के साथ उन्होंने एक खबर को साझा किया है। जिसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार एलआईसी में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी को बेचेगी।












Click it and Unblock the Notifications