Coronavirus: क्या मृत शरीर से भी है इन्फेक्शन का खतरा, AIIMS ने दिया जवाब
लोगों के मन में एक डर बैठ गया है कि क्या कोरोना वायरस से मरने वाले इंसान के मृत शरीर से भी इन्फेक्शन का खतरा है?
नई दिल्ली। पूरी दुनिया में कोहराम मचा रहे कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले हमारे देश में भी बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अभी तक कुल 84 लोगों के सैंपल पॉजिटव पाए गए हैं, जिनमें से 10 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं, इस वायरस के कारण दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। दिल्ली में कोरोना वायरस के इन्फेक्शन से जान गंवाने वाली महिला के परिजन जब शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए उसका शव लेकर निगम बोध घाट पहुंचे तो कर्मचारियों ने इन्फेक्शन के डर से अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। हालांकि बाद में महिला का अंतिम संस्कार सीएनजी पद्धति से किया गया। इस घटना के बाद लोगों के मन में एक डर बैठ गया है कि क्या कोरोना वायरस से मरने वाले इंसान के मृत शरीर से भी इन्फेक्शन का खतरा है। इस मामले को लेकर अब एम्स की तरफ से बयान आया है।

'किसी तरह के इन्फेक्शन का कोई खतरा नहीं'
दिल्ली की घटना को लेकर एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'कोरोना वायरस डेड बॉडी के जरिए नहीं फैल सकता। यह वायरस सांस लेने और छोड़ने की प्रक्रिया के जरिए फैलता है। यह वायरस ज्यादातर खांसी और छींक के जरिए फैलता है। इसलिए, अगर किसी इंसान की मौत कोरोना वायरस के कारण होती है, तो उसका अंतिम संस्कार करने में किसी तरह के इन्फेक्शन का कोई खतरा नहीं है।'
सीएनजी पद्धति से हुआ महिला का अंतिम संस्कार
आपको बता दें कि शुक्रवार देर रात दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कोरोना वायरस के कारण एक 68 साल की महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद जब महिला के परिजन उसका शव लेकर दिल्ली के निगम बोध घाट पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने इन्फेक्शन के डर से अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में निगम बोध घाट में ही महिला का अंतिम संस्कार सीएनजी पद्धति से किया गया।

ठीक हुए कोरोना वायरस के 10 मरीज
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जानकारी दी गई कि देश में अभी तक कोरोनावायरस के कुल 84 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज की कर्नाटक और एक मरीज की दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मौत हो चुकी है। इस बीच राहत की खबर ये है कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 10 मरीज ठीक हो चुके हैं। इनमें से तीन मरीज केरल के थे, जिन्हें पहले ही इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, जबकि सात मरीज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में ठीक हुए हैं।

WHO ने घोषित किया महामारी
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे महामारी घोषित किया है। वहीं भारत में भी दिल्ली और हरियाणा की सरकारें कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर चुकी हैं। कोरोना वायरस ने देश की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए बीसीसीआई ने आईपीएल को 29 मार्च से आगे बढ़ाते हुए अब 15 अप्रैल को कराने का फैसला लिया है। इसके अलावा कई राज्य सरकारों ने सार्वजनिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।

कोरोना की दहशत में थमी देश की रफ्तार
शुक्रवार को लगभग सभी राज्यों की सरकारों ने हालात सुधरने तक स्कूल, कॉलेज, जिम और सिनेमाघरों को बंद रखने का आदेश जारी किया। यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा, उड़ीसा, जम्मू कश्मीर, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड़, और मणिपुर समेत कई राज्य की सरकारों ने स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश शुक्रवार को जारी किए। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कोर्ट रूम में लोगों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि सोमवार से केवल जरूरी मामलों पर ही सुनवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications