असम: पॉजिटिविटी रेट में सुधार, राज्य सरकार ने नाइट कर्फ्यू के समय में किया बदलाव
असम: सरकार ने नाइट कर्फ्यू के समय में किया बदलाव
गुवाहाटी, 9 अगस्त: असम सरकार ने राज्य में कोरोना महामारी के चलते जारी आंशिक रात्रि कर्फ्यू के समय में बदलाव किया है। सोमवार को असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने इसको लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें कहा गया है कि राज्य में कोरोना के मामलों में पॉजिटिविटी रेट में सुधार को देखते हुए आंशिक नाइट कर्फ्यू का समय शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। यह आदेश कल यानी 10 अगस्त की सुबह 5 बजे से पूरे राज्य में लागू हो जाएगा। इस दौरान सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं के लिए ही घरों के बाहर जाने की इजाजत होगी। अगले आदेश तक राज्य में नाइट कर्फ्यू की यही टाइमिंग रहेगी।

असम में कोरोना के करीब पौने छह लाख मामले अब तक सामने आ चुके हैं। हालांकि फिलहाल राज्य में सिर्फ 9,700 एक्टिव केस हैं जबकि 5,57,654 मरीज संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। असम में अब संक्रमण की दर 2.93 फीसदी है। राज्य में कोरोना संक्रमण से अब तक 5,387 मरीजों की मौत हुई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने बताया कि कोविड-19 के 1,347 और मरीजों की मौत हुई है।
देश में कोरोना की स्थिति
सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 24 घंटे में देश में कोविड-19 के 35,499 नए मामले सामने आए। जिसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,19,69,954 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटे में संक्रमण से 447 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,28,309 हो गई। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या चार लाख है। जो कुल मामलों का 1.27 प्रतिशत है और मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.39 प्रतिशत है। देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश में अब तक लगाई गई कोरोना टीके की खुराकों की संख्या 51 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। मंत्रालय ने कहा कि 20 करोड़ के निशान पर हम 45 दिन में पहुंचे थे। 20 से 30 करोड़ तक पहुंचने में 29 दिन का समय लगा। 30 से 40 करोड़ तक 24 दिन में पहुंचे। छह अगस्त को देश में टीकाकरण ने 50 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।












Click it and Unblock the Notifications