जनता कर्फ्यू को सफल करने के लिए 22 मार्च को यूपी के सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे, सिर्फ इन्हें मिलेगा पेट्रोल
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के खतरे को बढ़ने से रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्त देशवासियों से 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का पालन करने को कहा है। पीएम मोदी के आह्वाहन को तमाम सामाजिक संगठन, सेलेब्रिटी, प्रदेश सरकारें समर्थन कर रही है, ताकि जनता कर्फ्यू को सफल बनाया जा सके। जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन ने प्रदेश के सभी पेट्रोल पंप को बंद रखने का फैसला लिया है। एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे।

सिर्फ इन्हें मिलेगा पेट्रोल
एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वाहन के बाद 22 मार्च को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए प्रदेश के सभी पेट्रोल पंप को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। उक्त समय में आवश्यक सेवाएं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस सके वाहनों को इस पाबंदी से मुक्त रखा जाएगा। सभी पेट्रोल पंप के स्वामियों को निर्देशित किया जाता है कि वह 22 मार्च को अपने प्रतिष्ठान पर केवल 2 कर्मचारियों को ही ड्यूटी पर बुलाएं, जिससे आवश्यक सेवाएं बाधित ना हो।

लगातार बढ़ रहे हैं मामले
भारत में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। अबतक 271 मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा संक्रमित लोग महाराष्ट्र में मिले हैं। यहां संख्या 65 पहुंच गई है। प्रधानमंत्री ने लोगों से रविवार (22 मार्च) को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। उन्होंने देशवासियों से वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए साथ आने की अपील की है। साथ ही उन्होंने बुजुर्ग लोगों से घर से बाहर नहीं निकले की अपील की है।' ऐसे में कई सरकारी और निजी कंपनियों ने रविवार को अपनी सेवाओं को बंद रखने का ऐलान किया है। जनता कर्फ्यू के लिए देशभर में पूरी तैयारियां हैं। ट्रेन से लेकर मेट्रो तक, कई सेवाओं को रविवार के लिए बंद कर दिया गया है।

कई सेवाएं बंद
जनता कर्फ्यू के मद्देनजर देश में शनिवार मध्यरात्रि से रविवार रात दस बजे के बीच किसी भी स्टेशन से कोई यात्री ट्रेन सफर शुरू नहीं करेगी। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी रविवार तड़के थम जाएंगी। भारतीय रेलवे कोरोना वायरस के चलते गैर-जरूरी यात्रा पर रोक लगाने के मकसद से अबतक 245 ट्रेनें रद्द कर चुका है। दिल्ली मेट्रो की सेवाएं रविवार को बंद रहेंगी। 'गो एयर' ने रविवार को जनता कर्फ्यू के दिन स्वेच्छा से अपनी सभी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications