केरल में आज कोरोना वायरस संक्रमण के 26,200 नए मामले, 114 मौतें
तिरुवनंतपुरम, 9 सितंबर: इस समय देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल में कोरोना संक्रमण के 26,200 नए मामले मिले हैं और 114 मौतें हुईं हैं। कल के मुकाबले आज कोरोना के मामले कम हुए हैं। बुधवार को केरल में कोरोना के 30 हजार से ज्यादा नए मामले मिले थे। जिससे चिंताएं बढ़ गई थीं, आज नए केस में कुछ कमी दिखी है। केरल में वैक्सीन ना लेने वाले लोगों में कोरोना संक्रमण ज्यादा दिखा है।

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने गुरुवार को बताया, पिछले 24 घंटों में कुल 1,56,957 सैंपल टेस्ट किए गए, जिसमें कोविड संक्रमित 26,200 नए मरीज मिले हैं और 114 मौतें हुई हैं। इस दौरान 29,209 मरीज ठीक हुए हैं, ऐसे में आज एक्टिव केस की संख्या घटी है। राज्य में कुल सक्रिय मामले 2,36,345 हैं। वहीं पॉजिटिविटी रेट 16.69 फीसदी है। केरल में कोरोना से अब तक कुल 22,126 मौते हो चुकी हैं।
30 सितंबर तक देंगे सबको पहला टीका
वीना जॉर्ज ने कहा है कि 15 जून से सितंबर तक कोरोना से मरने वालों में टीका ना लेने वाले और दूसरी बीमारियों से जूझ रहे लोग 90 फीसदी थे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 30 सितंबर से पहले 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की पहली खुराक देने का है। 4 अक्टूबर तक सभी कॉलेज छात्रों को कोरोना वैक्सीन की कम से कम पहली खुराक देने का लक्ष्य भी राज्य सरकार लेकर चल रही है।
Recommended Video
केरल में कई दिनों तक कोरोना के नए मामलों में कमी आने के बाद बुधवार को एक बार फिर उछाल देखने को मिला था। कोरोना के मामलों में कमी आने पर राज्य सरकार ने मंगलवार को रात्रि कर्फ्यू और रविवार को लगने वाले लॉकडाउन में राहत देने का ऐलान किया था। राज्य में तीन महीनों से ज्यादा समय से वीकेंड कर्फ्यू जारी था। हालांकि बुधवार को एक बार फिर से 30,196 सैंपल पॉजिटिव मिले। हाल ही में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा था कि राज्य में कोरोना के केस घट रहे हैं और सितंबर के दूसरे सप्ताह में स्थिति स्थिर हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications